
11वीं कक्षा की ऑनलाइन क्लास में चला गलत विडियो, बाल आयोग ने लिया संज्ञान
जयपुर के जयश्री पेरीवाल स्कूल की ऑनलाइन क्लास के दौरान किसी ने बीते दिनों पोर्न वीडियो चला दिया था। इस मामले में कार्रवाई नहीं होने से राजस्थान बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। उसने इस मामले में स्कूल प्रशासन को अगले 24 घंटे में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कर रिपोर्ट पेश करने के लिए कहा है।
इस मुद्दे पर राजस्थान बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष संगीता बेनीवाल ने आज प्रेस नोट जारी कहा कि मामला बेहद गंभीर हैं। जयश्री पेरीवाल स्कूल की ऑनलाइन क्लास के दौरान पोर्न वीडियो चलने का मामला आयोग के समक्ष आया हैं। स्कूल की 11वीं कक्षा की ऑनलाइन क्लास में 2-3 बार लगातार पोर्न वीडियो चलने की बात सामने आई हैं। मामले पर राजस्थान राज्य बाल आयोग अध्यक्ष संगीता बेनीवाल ने संज्ञान लिया था, लेकिन अब तक मामले पर स्कूल प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की है। इस पर आयोग ने कहा है कि ऐसे मुद्दे पर शिथिलता बरतना काफी गंभीर मामला है।


