
सीकर भीषण हादसे में 12 की मौत, 30 की हालत गंभीर, रफ्तार में थी बस, दीवार से टकराई
राजस्थान के सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ में एक बस हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई घायल हैं। हादसा उस समय हुआ जब एक निजी बस फ्लाईओवर पर मुड़ते वक्त दीवार से टकरा गई।
सीकर के लक्ष्मणगढ़ इलाके में एक बस हादसे में 12 लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है। राजस्थान के सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ में मंगलवार दोपहर भीषण बस दुर्घटना में 12 लोगों की मौत हो गई और 35 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसा मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे के आसपास का बताया जा रहा है। एक निजी बस सलेसर से लक्ष्मणगढ़ जा रही थी और फ्लाईओवर के पास मुड़ते समय दीवार से जा टकराई। घायलों को इलाज के लिए लक्ष्मणगढ़ और सीकर के अस्पताल ले जाया गया। 7 की हालत गंभीर होने पर जयपुर रेफर किया गया।
सीकर के पुलिस अधीक्षक भुवन भूषण यादव ने बताया कि बस ने अचानक नियंत्रण खो दिया और फ्लाईओवर की दीवार से टकरा गई। इस हादसे में 12 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 35 से अधिक घायल यात्रियों को लक्ष्मणगढ़ और सीकर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाने के लिए राहत कार्य शुरू किया।
घटनास्थल पर मौजूद से मिली जानकारी में सामने आया कि बस मोड़ते समय पुलिया की दीवार से टकरा गई। हादसे में बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। एक साइड से बस बुरी तरह चकनाचूर हो गई। टक्कर लगते ही बस में चीख पुकार मच गई। ये मंजर देखकर वहां मौजूद सभी लोग मदद के लिए दौड़े। एक-एक कर सभी को नजदीकी लक्ष्मणगढ़ सरकारी अस्पताल ले जाया गया। हादसे की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर सीकर कलेक्टर मुकुल शर्मा, एसपी भवन भूषण यादव, सिटी डीएसपी (आईपीएस) शाहीन सी और एडीएम रतन कुमार मौके पर पहुंचे।


