मौसम अपडेट : तूफान तो नहीं आया, लेकिन मौसम खुशनुमा कर दिया, दो दिन से बीकानेर में बादलवाही है


 

 

  • बीकानेर ताऊ ते तूफान ने देश के कई हिस्सों में कहर बरपाया है लेकिन बीकानेर में इस तूफान ने राहत की बरसात की है। मई के जिन दिनों में तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है, वहां पिछले दो दिनों से पारा चालीस के आसपास ही पहुंच पा रहा है। बुधवार सुबह तो हवा में सर्दी जैसी ठंडक थी। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट से रेगिस्तानी क्षेत्र के निवासियों के लिए मौसम खुशनुमा हो गया। दरअसल, अधिकतम तापमान अब सामान्य से 11.5 डिग्री सेल्सियस कम चल रहा है।

    मौसम विभाग ने ताऊ ते तूफान के चलते बीकानेर को ओरेंज चेतावनी दी थी, यानी तेज तूफान और भारी वर्षा की संभावनाएं काफी हद तक थी। राजस्थान में प्रवेश करते-करते ताऊ ते तूफान शांत हो गया, ऐसे में बीकानेर तक सिर्फ बादलवाही रही। यहां तेज बारिश तो क्या, सामान्य बूंदाबांदी भी नहीं हुई। दो दिन से बादलों ने सूर्यदेव को जरूर प्रकट नहीं होने दिया।

    मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार सुबह तक अधिकतम तापमान महज 31 डिग्री सेल्सियस था जबकि न्यूनतम पारा 23 डिग्री सेल्सियस तक आ गया है। अधिकतम तापमान तो सामान्य से 11 डिग्री सेल्सियस तक कम हो गया। बुधवार दोपहर बाद थोड़ा तापमान बढ़ा है लेकिन अपने सामान्य स्तर पर नहीं पहुंचा है।

    अब 22 से अंधड़ की चेतावनी

    पहले पश्चिमी विक्षोभ और फिर ताऊ ते के कारण गर्मी से राहत मिल रही है। मौसम विभाग के मुताबिक 22 मई से बीकानेर में आंधी आ सकती है, वो भी तीस से चालीस किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से। इस दौरान मेघ गर्जन भी हो सकता है। ऐसे में हल्की बारिश हुई तो फिर गर्मी से राहत मिल सकती है।