मामूली बात पर हुआ था झगड़ा:अगले दिन बेटे पर कई युवकों ने किया हमला, बचाने गई मां पर टूट पड़े युवक, मौत


 

 

बीकानेर हनुमानगढ़ के टिब्बी कस्बे के वार्ड 16 में बेटे के साथ झगड़ा कर रहे युवकों से बीचबचाव के दाैरान घायल हुई एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। मृतका के बेटे का एक दिन पहले किसी बात को लेकर कुछ युवकों के साथ झगड़ा हुआ था, जिसकी रंजिश में दूसरे पक्ष के लड़कों ने हमला कर दिया।

पुलिस इस संबंध में अज्ञात युवकों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच कर रही है। थाना प्रभारी भूपसिंह सहारण ने बताया कि शाम करीब साढ़े छह बजे किसी ने थाने में फोन कर सूचना दी कि वार्ड 18 व 20 के बीच करीब 20-25 युवक आपस में झगड़ा कर रहे हैं। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची, तो वहां पर धक्का-मुक्की हो रही थी। इस पुलिस ने मौके से पांच युवकों को राउंडअप कर थाने ले आई।

इस बीच पीछे से लाठी-भाठा जंग और धक्का-मुक्की में गिरने से बलवीर कौर (60) पत्नी दलीपसिंह निवासी टिब्बी गंभीर घायल हो गई। उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। शव पाेस्टमार्टम के लिए माेर्चरी में रखवाया गया। इस संबंध में मृतका के बेटे जसवंत सिंह (24) ने अज्ञात के खिलाफ हत्या के आरोप में केस दर्ज करवाया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतका के बेटे सुक्खी के साथ एक दिन पहले भी कुछ लड़कों का झगड़ा हुआ था। उसी झगड़े की रंजिश में दोबारा झगड़ा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।