भीलवाड़ा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व विधायक कैलाश त्रिवेदी के निधन से रिक्त हुई सहाड़ा विधानसभा सीट पर छह माह में उपचुनाव होगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि सहाड़ा विधायक त्रिवेदी का गत ६ अक्टूबर को निधन हो गया था। त्रिवेदी सहाड़ा विधानसभा क्षेत्र से तीन बार निर्वाचित हुए थे। उनके निधन से रिक्त हुई सहाड़ा विधानसभा सीट की जानकारी राज्य निर्वाचन विभाग जयपुर एवं विधानसभा को भिजवा दी गई है। चुनाव आयोग के नियमानुसार रिक्त पद पर छह माह में उपचुनाव कराए जाने का प्रावधान है।
कांग्रेस का रहा गढ़
सहाड़ा विधानसभा सीट केचुनावी आंकड़े बताते है कि यहां १९७७ से वर्ष २०१८ तक एक उपचुनाव समेत कुल दस चुनाव हो चुके है। इनमें कांग्रेस ने ही सर्वाधिक छह बार जीत हांसिल की है। कांग्रेस के कैलाश त्रिवेदी व रामपाल उपाध्याय सबसे अधिक तीन-तीन बार विधायक चुने गए। जबकि भाजपा के डॉ.रतनलाल जाट व दो बार विजयी रहे, जाट वर्ष १९९० में जद के टिकट से चुनाव जीते थे। वही वरिष्ठ नेता रामचन्द्र जाट १९७७ में जपा के टिकट से जीते थे। इसी प्रकार वर्ष २०१३ में भाजपा के डॉ.बालूराम चौधरी ने चुनाव जीता था।