अब आगरा के ‘कांजीबड़े वाले बाबा’ चर्चा में, सोशल मीडिया यूजर्स ने की मदद की अपील


  • दिल्ली के बाबा का ढाबा के बाद अब आगरा के कांजीबड़े वाले बाबा चर्चा में हैं। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। रेहड़ी पर कांजीबड़े बेचते 90 वर्षीय बाबा का वीडियो फिल्म अभिनेत्री स्वरा भास्कर सहित हजारों ने लोगों ने ट्विटर पर साझा किया है। सभी ने कांजीबड़े वाले बाबा की मदद के लिए लोगों से मदद की है।
  • कमला नगर की प्रोफेसर कॉलोनी में रहने वाले 90 साल के नारायण सिंह रेहड़ी पर कांजीबड़े, दही बड़े और मोंठ बेचते हैं। वह परिवार का भरण पोषण करने के लिए वर्ष 1980 से कांजीबड़े की रेहड़ी लगा रहे हैं। उनके दो बेटे थे। बड़े बेटे की मौत हो गई है। छोटा पेंटर का काम करता है।
  • नारायण सिंह कमला नगर की प्रोफेसर कॉलोनी में कांजीबड़े की रेहड़ी लगाते हैं। वह कांजीबड़े 20 रुपये, दही बड़े 25 रुपये और मोंठ 20 रुपये प्रति प्लेट के हिसाब से बिक्री करते हैं। बाबा ने बताया कि लॉकडाउन से पहले दिन में 500 रुपये तक की बिक्री हो जाती थी, लेकिन अब बमुश्किल दिन में सौ या दो सौ रुपये ही कमा पाते हैं।
  • कांजीबड़े बेचते नारायण सिंह का वीडियो इंस्टाग्राम यूजर धनिष्ठा ने सोशल मीडिया पर वायरल किया है। उन्होंने वीडियो शेयर करते हुए लिखा है कि कांजीबड़े वाले बाबा का स्टॉल इच्छा बेकरी के पास, प्रोफेसर कॉलोनी, कमला नगर में है। आप लोग भी यहां आएं, खाएं और उनकी मदद करें, जितना आप कर सकते हैं। बाबा को हर रोज शाम 5:30 बजे से यहां रेहड़ी लगाते हैं।
  • धनिष्ठा की पहल से कांजीबड़े वाले बाबा का वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। फिल्म अभिनेत्री स्वरा भास्कर जैसी कई हस्तियों ने भी कांजीबड़े वाले बाबा का वीडियो ट्विटर पर साझा करते हुए लोगों से उनकी मदद करने की अपील की। स्वरा भास्कर ने लिखा कि एक और #BabaKaDhaba! आगरा वालों आगे बढ़ो… और कर दिखाओ।