
बाइक सवार 2 युवक जीप की टक्कर से उछले, फिर सेना के ट्रक से टकराए, हादसे में दो सगे भाइयों की मौत
जोधपुर-जयपुर रोड पर डांगियावास पुलिस थाना क्षेत्र के बिसलपुर फांटे के निकट एक सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई। बाइक पर सवार दोनों को एक जीप ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वे उछल कर साइड में से निकल रहे सेना के एक ट्रक से जा टकराए। इससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार लाम्बा गांव निवासी 63 वर्षीय जावता राम विश्नोई अपने छोटे भाई 57 वर्षीय पूनाराम के साथ एक बाइक पर सवार होकर कल देर रात दांतीवाड़ा से डांगियावास की तरफ आ रहे थे। हाइवे पर भोमियाजी के मंदिर के निकट सामने से गलत दिशा में आई एक जीप ने बाइक को तेज रफ्तार के साथ टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वे उछल कर पास में से निकल रहे सेना के एक ट्रक से जा टकराए। तेज रफ्तार से पहले लगी जीप की टक्कर और बाद में सेना के ट्रक से टकराने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर डांगियावास पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया। इस मामले में लाम्बा गांव निवासी ओमप्रकाश विश्नोई ने जीप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। उसने रिपोर्ट में बताया कि जीप चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। उसके गलत दिशा में आकर टक्कर मारने से दो युवकों की जान चली गई।


