छेड़छाड़ के आरोप में युवक को निर्वस्त्र कर पीटा, जूते की माला पहना कर घुमाया


  • झालावाड़: राजस्थान के झालावाड़ जिले (Jhalawar News) के खानपुर क्षेत्र के एक गांव में एक दलित महिला (Dalit woman) से छेड़छाड़ के मामले में पीड़िता के परिजनों ने आरोपी को गांव में निर्वस्त्र कर जूते की माला पहना कर घुमाया. इस दौरान पीड़ित महिला के परिजनों ने आरोपी युवक के साथ जमकर मारपीट भी की. झालावाड़ जिले में हुई इस तालिबानी घटना का वीडियो सोशल मीडिया (Social Media) पर वायरल (Viral Video) हो गया. ऐसे में पुलिस ने आनन-फानन में आठ नामजद लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.

     

  • खानपुर डीएसपी राजीव परिहार ने बताया कि सारोला थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी दलित महिला ने शनिवार देर रात एक युवक पर घर में घुस कर छेड़खानी का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था. इसी बीच अगले दिन रविवार को पीड़ित महिला के परिजनों ने फोन कर आरोपी को एक ढाबे पर बुलाया और वहां मौजूद करीब आधा दर्जन से अधिक लोगों ने आरोपी युवक के साथ जमकर मारपीट की और निर्वस्त्र कर गले में जूते की माला पहनाकर गांव में घुमाया.

     

  • घटना की सूचना मिलते ही सारोला थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी और आरोपी युवक को छुड़ाकर थाने ले आई. वहीं, पूरा मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के साथ ही पुलिस के आला अधिकारी भी एक्शन में आए और युवक को निर्वस्त्र कर घुमाने और मारपीट के मामले में आरोपी पीड़ित महिला के परिजनों सहित आठ नामजद लोगों को गिरफ्तार कर लिया
  • उधर आरोपी युवक ने बताया कि वह नरेगा मेट का कार्य करता है और महिला भी वहां मजदूरी का कार्य करती थी, जिसे उसने एक मोबाइल दिया था. जिस पर उसके पति को प्रेम संबंधों का शक हुआ. इसलिए उसके खिलाफ झूठी रिपोर्ट लिखवा कर बाद में उससे मारपीट की गई और निर्वस्त्र कर घुमाया.

     

  • बरहाल छेड़खानी का आरोप झूठा है या सच्चा, लेकिन गांव के दबंगों द्वारा की गई यह तालिबानी घटना पुलिस के लिए भी कई सवाल छोड़ गई है. क्या लोगों को अब पुलिस का भय नहीं रहा. आखिर किसी आरोपी को सजा देने का अधिकार पीड़ित परिवार को किसने दिया और क्या पुलिस अपना काम पारदर्शिता से नहीं कर रही थी, की मजबूरन पीड़ित परिवार को कानून अपने हाथ में लेना पड़ा. सवाल कई हैं, लेकिन तस्वीरें सभी को हैरान व शर्मसार कर रही है.