
बाबा रामदेव के दर्शन करने आए श्रद्धालुओं की पिकअप पेड़ से टकराई; तीन बच्चे, चार महिलाओं समेत 10 घायल
जोधपुर लोक देवता बाबा रामदेव के दर्शन कर रामदेवरा से लौट रहे गुजरात के श्रद्धालुओं की एक पिकअप शनिवार शाम हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार के कारण चालक पिकअप से नियंत्रण खो बैठा और सड़क से नीचे उतर यह एक पेड़ से टकराने के बाद पलट गई। इस हादसे में दस श्रद्धालू घायल हो गए।
गुजरात से लोक देवता बाबा रामदेव के दर्शन कर गुजरात के श्रद्धालू वापस लौट रहे थे। जोधपुर-जैसलमेर रोड पर 54 मील के निकट एक मोड़ पर चालक तेज रफ्तार के कारण पिकअप पर नियंत्रण नहीं रख पाया। पिकअप सड़क से उतर एक पेड़ से टकराने के बाद पलट गई। पिकअप के पलटते ही उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।
क्षेत्र के लोगों ने मौके पर पहुंच राहत कार्य शुरू किया। पिकअप में से तीन बच्चे, चार महिलाओं सहित दस जनों को बाहर निकाल बालेसर अस्पताल पहुंचाया गया। बालेसर में प्राथमिक उपचार के बाद सभी को इलाज के लिए जोधपुर रवाना किया गया।


