दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों का 30 जून तक होगा पंजीयन


सहकारी समितियों के रजिस्ट्रार मुक्तनन्द अग्रवाल ने निर्देश दिए कि अवसायन एवं रजिस्ट्रेशन से लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण करें. साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि लगातार प्रकरण लंबित नहीं हो.

Jaipur: नवगठित प्राथमिक दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों का पंजीयन समितियों को जल्द करवाना होगा. राज्य सरकार की मंशा है कि दुग्ध उत्पादकों को सरकार की योजनाओं का लाभ मिले इसके लिए पंजीयन से लंबित प्राथमिक दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों का 30 जून तक पंजीयन कर लंबित प्रकरणों का निस्तारण करें.

इन जगहों पर लंबित है पंजीयन
सहकारी समितियों के रजिस्ट्रार मुक्तनन्द अग्रवाल ने निर्देश दिए कि अवसायन एवं रजिस्ट्रेशन से लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण करें. साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि लगातार प्रकरण लंबित नहीं हो. रजिस्ट्रार ने कहा कि जयपुर, गंगानगर, हनुमानगढ़, अनूपगढ़ के उप रजिस्ट्रार यह सुनिश्चित करें कि इनके यहां सर्वाधिक नवगठित प्राथमिक दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों के पंजीयन के प्रकरण लंबित है.

अनेक प्रकरण डेयरी स्तर पर लंबित
उन्होंने इस कार्य को प्राथमिकता से निस्तारित करने के निर्देश देते हुए कहा कि दुग्ध उत्पादक संघ एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग से समन्वय कर शीघ्र समाधान करें. अग्रवाल ने कहा कि प्राथमिक दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों के अनेक प्रकरण डेयरी स्तर पर लंबित हैं. ऐसे में डेयरी के अधिकारियों को सक्षमता प्रमाण-पत्र जारी करने के लिए लिखें. ताकि पंजीयन से वंचित नवगठित प्राथमिक दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों का पंजीयन हो सके.

लंबित प्रकरणों का निस्तारण करें
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि पंजीकृत होने वाली प्राथमिक दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों का दिनांकवार विजिट कार्यक्रम बनाकर पंजीयन से पूर्व की प्रक्रिया को पूरा कर लंबित प्रकरणों का निस्तारण करें.