
पिछले साल की तुलना में इस साल एक लाख अधिक स्टूडेंट्स देंगे राजस्थान बोर्ड के एग्जाम्स
अजमेर आरबीएसई की 10वीं, 12वीं और समकक्ष परीक्षाओं में इस साल 21. 58 लाख स्टूडेंट्स बैठेंगे। बोर्ड परीक्षाओं के लिए जिन छात्रों ने फाॅर्म भरे थे उनके लिए फीस जमा करवाने का अंतिम दिन गुरुवार है। बोर्ड की साल 2021 की 10वीं व 12वीं की मुख्य परीक्षाओं के परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया (सामान्य शुल्क के साथ) पूरी हो चुकी है।
21 लाख छात्रों में से 12.64 लाख छात्रों ने 10वीं व समकक्ष परीक्षाओं के लिए आवेदन किया है। वहीं 8.82 लाख स्टूडेंट्स ने 12वीं व समकक्ष परीक्षाओं के लिए अप्लाय किया है। 2020 की परीक्षा के लिए 20.58 लाख छात्रों ने आवेदन किया था। पिछले साल की तुलना में एक लाख आवेदन ज्यादा हैं। अंतिम आंकड़ा बोर्ड जल्द ही जारी करेगा।
2020 में 12वीं में 8.67 लाख परीक्षार्थी थे
वर्ष 2020 की 12वीं व समकक्ष कक्षाओं के लिए 8, 67,274 व वरिष्ठ उपाध्याय के लिए 3847 स्टूडेंट्स रजिस्टर्ड थे। सीनियर सैकंडरी परीक्षा के कला वर्ग में 5,90,923, कॉमर्स में 36,551 और विज्ञान वर्ग में 2,39,800 ने आवेदन किया था। 10वीं परीक्षा के लिए कुल 11 लाख 35 हजार 747, प्रवेशिका परीक्षा के लिए 6,972 और व्यावसायिक परीक्षा के लिए 42,989 परीक्षार्थी रजिस्टर्ड किए गए थे।
परिणाम पर नजर
2020 में बोर्ड की 9वीं व 11वीं कक्षा के छात्रों को प्रमोट किया गया। हाल में क्लासेज शुरू हुई हैं। इस कारण 2021 के परिणाम पर सबकी नजर रहेगी। संभावना है कि इस बार परीक्षाएं मई में हो सकती हैं।


