प्रियंका गांधी के रोड शो के दौरान कांग्रेस उम्मीदवार दीपेंद्र सिंह ढिल्लों को चुनाव आयोग ने आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में नोटिस भेजकर 24 घंटे में जवाब मांगा है।
वहीं, इस रोड शो के दौरान 70 लोगों के मोबाइल फोन चोरी हो गए हैं। इसकी शिकायत लोगों ने पुलिस को दी है। सुत्रो से मिली जानकारी अनुसार इस मौके पर प्रियंका गांधी के रोड शो में चुनाव आचार संहिता का जमकर उल्लंघन किया गया था।
हालांकि ढिल्लों ने रोड शो की अनुमति ली थी लेकिन जिला निर्वाचन अधिकारी ने ढिल्लों को रोड शो के दौरान वीआईपी रोड पर बिना अनुमति के लगाए गए फ्लैक्स, बैनर और झंडे के लिए नोटिस जारी किया है। यहीं नहीं रोड शो के दौरान और भी कई नियम तोड़े गए थे। उनके रोड शो से अंबाला हाईवे पर करीब ढाई घंटे तक जाम लगा रहा। इस कारण पुलिस को वैकल्पिक रास्ते से ट्रैफिक को निकालना पड़ा।
तीन किलोमीटर की अनुमति लेकर रोड शो को पांच किलोमीटर तक निकाला गया। एक हजार से अधिक लोगों की भीड़ जुटाने पर पाबंदी होने के बावजूद तीन हजार से ज्यादा समर्थक रोड शो में शामिल हुए थे।
इससे पहले आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री चेहरा भगवंत मान के रोड शो पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने आप प्रत्याशी कुलजीत सिंह रंधावा को नोटिस भेजा था।