
BCCI का आधिकारिक ऐलान, UAE और ओमान में होगा T20 विश्व कप का आयोजन

बीसीसीआई ने आईपीएल के बाद अब आगामी टी20 विश्व कप का आयोजन यूएई और ओमान में करने का फैसला किया है. ओमान में विश्व कप के क्वालीफायर्स मैच आयोजित किए जाएंगे वहीं यूएई में विश्व कप के मैचों का आयोजन होगा.
इससे पहले बीसीसीआई ने कोरोना संकट के मद्देनजर आईपीएल 2021 का आयोजन यूएई में करने का फैसला किया था. तभी से इस बात के जमकर कयास लग रहे थे कि विश्व कप का आयोजन भी भारत से बाहर यूएई में संवभ है. ऐसे में बीसीसीआई ने मंगलवार को इस बात की आधिकारिक तौर पर पुष्टि कर दी.
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2021 के मैच 17 अक्टूबर से 14 नवंबर के बीच बीसीसीआई की मेजबानी में ही खेले जाएंगे. मैच दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम, शेख जायद स्टेडियम अबुधाबी, शारजाह क्रिकेट स्टेडियम और ओमान क्रिकेट अकादमी मैदान में खेले जाएंगे.

