बीकानेर में हत्या


बीकानेर में हत्या:उधार दिए थे बीस हजार रुपए, ब्याज के साथ हो गए एक लाख से ज्यादा, तकाजों से परेशान होकर मारने की आशंका

उदासर के एक युवक की हत्या सिर्फ इसलिए कर दी गई क्योंकि उसने उधार दिए अपने ही रुपए वापस लेने के लिए सख्त तकाजा कर दिया। खास बात यह है कि पुलिस ने हत्या करने वाले दोनों युवकों को कुछ ही घंटे में गिरफ्तार कर लिया। मृतक और हत्या करने वाले दोनों युवक उदासर गांव के रहने वाले हैं।

उदासर में रहने वाले चतराराम ने बीस हजार रुपए एक युवक को उधार दिए थे। पिछले कई दिन से चतराराम यह राशि वापस मांग रहा था। ब्याज पर लिए रुपए देने उसके लिए वापस करना संभव नहीं था। बीस हजार रुपए भी ब्याज पर ब्याज से बढ़कर एक लाख से अधिक हो गए थे। इतना ही नहीं एक प्लॉट के कागजात भी उसने अपने पास रख लिए थे। बताया जा रहा है कि दोनों ने मिलकर मंगलवार देर रात ही चतराराम को मार दिया।

सीओ सदर पवन भदौरिया ने बताया कि दो युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। इनमें एक को चतराराम ने उधार रुपए दिए थे और दूसरा युवक इसमें गारंटर था। दोनों से सख्ती से पूछताछ हो रही है। अगर हत्या में दोनों की भूमिका स्पष्ट हुई तो गिरफ्तार किया जायेगा।

कार में ही छोड़ दिया शव

माना जा रहा है कि दोनों युवकों ने चतराराम की हत्या करके उसका शव कार में ही छोड़ दिया। संभवत: उससे मारपीट करना चाह रहे थे और इस दौरान उसका गला दबा दिया। मौत होने के बाद दोनों घबरा गए। ये लोग बीकानेर छोड़कर भागने की फिराक में थे। इन दोनों को स्टेशन पर दबोच लिया गया।