चालान काटने को लेकर हुए विवाद में भिड़े होमगार्ड, दो भाई हिरासत में


  • बीकानेर/24 सितम्बर
  • जोधपुर शहर के भास्कर चौराहे पर की घटना शहर के रातानाडा थाना क्षेत्र के भास्कर चौराहे पर गुरुवार दोपहर लोगों को पुलिस और पब्लिक के बीच जोरदार कुश्ती देखने को मिली। डब्ल्यूडब्ल्यूएफ जैसी फाइट के किरदार थे यातायात पुलिस व होमगार्ड के साथ दो युवक। बाइक सवार दो युवकों का चालान काटने की बात को लेकर शुरू हुई तकरार होमगार्ड के गाली गलौच करने से बढ़ गई और युवकों ने तैश में आकर उसे सबक सिखाने की ठान ली। बाद में पुलिस दोनों युवकों को पकड़ थाने ले गई। भास्कर चौराहे पर एक यातायात पुलिस सिपाही के साथ खड़े होमगार्ड जवान ने वहां पर मोटर साइकिल पर जा रहे दो युवकों को रोका। होमगार्ड जवान के मोटर साइकिल से चाबी निकालने पर दोनों के बीच जोरदार बहस हो गई। थोड़ी देर में यह बहस हाथापाई में बदल गई। एक युवक ने होमगार्ड जवान के साथ धक्कामुक्की करते हुए उसे नीचे गिरा दिया। इस दौरान यातायात पुलिस जवान अनमने भाव से बीच बचाव करता रहा। इस बीच दूसरे युवक ने होमगार्ड के जवान पर हेलमेट से वार कर दिया। जबाव में उसने भी मुक्के मारने शुरू कर दिए। झगड़ा थमता नहीं देख कुछ लोग बीच में आए और दोनों को अलग कर शांत कराया। बाद में रातानाडा पुलिस थाने से आई पुलिस दोनों युवकों को अपने साथ ले गई।

  • रातानाडा थानाधिकारी रमेश शर्मा ने बताया कि बाइक सवार दो युवक भास्कर चौराहा के पास में गुजर रहे थे। तब ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड शंकरसिंहह ने गाड़ी को रोका और बिना मास्क व हेलमेट की बात की। इस पर युवक उलझ गए। तब दोनों युवक उलझते हुए बहसबाजी करने लगे और मारपीट पर उतारू हो गए। इन्होंने होमगार्ड शंकर सिंह से मारपीट करने के साथ उसे नीचे गिरा दिया। इस घटनाक्रम का राह चलते लोगों ने वीडियो बनाया और वायरल कर दिया। थानाधिकारी शर्मा ने बताया कि इस संबंध में मेड़ता रोड निवासी विकास ओझा व उसके भाई दीपक ओझा को हिरासत में लिया गया। फिलहाल शांतिभंग में हिरासत में लिया गया है। होमगार्ड की तरफ से दी जाने वाली रिपोर्ट पर कार्रवाई की जाएगी। बाद में रातानाडा पुलिस थाने से आई पुलिस दोनों युवकों को अपने साथ ले गई।