मुख्यमंत्री गहलोत का बड़ा बयान, कहा- CBI, ED व इनकम टैक्स की साख कम हुई,पढ़े खबर


 

जयपुर: मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक बार फिर केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला है. उन्होंने आज भी मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब भी किसी प्रदेश में चुनाव आते हैं तो राजनैतिक संकट  पैदा कर दिया जाता है. इसके लिए केंद्रीय जांच एजेंसियों को एक्टिव कर दिया जाता है.

मुख्यमंत्री गहलोत ने आज एक के बाद एक तीन ट्विट करते हुए कहा कि जब भी किसी प्रदेश में चुनाव आते हैं या फिर राजनैतिक संकट पैदा किया जाता है तो विशेष निर्देशों के साथ सीबीआई, इनकम टैक्स एवं ईडी को एक्टिव कर दिया जाता है. यूपी में चुनाव पास आते ही सीबीआई ने छापेमारी करना शुरू कर दिया है. पहले पश्चिम बंगाल, राजस्थान, मध्य प्रदेश और कर्नाटक इत्यादि राज्यों में भी इन संस्थाओं का दुरुपयोग हुआ.

उन्होंने कहा कि इन सभी केन्द्रीय संस्थाओं की विश्वसनीयता मौटे तौर पर वर्षों तक निष्पक्ष तरीके से काम करने की रही थी लेकिन जिस तरह भाजपा अपना राजनीतिक एजेंडा पूरा करने के लिए इन एजेंसियों को निर्देश दे रही है उससे इनकी साख बर्बाद हो गई है.

इससे आगे सीएम गहलोत ने कहा कि इन संस्थाओं में काम कर रहे अधिकांश अधिकारियों के खुद के जेहन में ये बात आ चुकी है. फिर भी मजबूरी में उन्हें कार्रवाई करनी पड़ती है. मुझे विश्वास है कि समय आने पर केन्द्रीय संस्थाओं का राजनीतिक दुरुपयोग करने वाली भाजपा को जनता माकूल जवाब देगी.