राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजेसिंधिया से उनके धौलपुर प्रवास के दौरान गढ़ में बीकानेर से भाजपा कार्यकर्ताओं के एक समूह ने पूर्व संसदीय सचिव डॉ विश्वनाथ मेघवाल के नेतृत्व में शिष्टाचार भेंट की। सोशल एक्टिविस्ट डूंगरसिंह तेहनदेसर ने जानकारी देते हुए बताया कि इस दौरान भाजपा ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष भंवर लाल जांगिड़, भाजयुमो जिलाध्यक्ष भागीरथ मुंड, पेमासर सरपंच तोलाराम कूकना, अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष फय़ाज हुसैन, विद्युत श्रमिक संगठन प्रदेश प्रवक्ता चुन्नीलाल राजस्थानी, राष्ट्रीय युवा विकास संस्थान जिलाध्यक्ष गणेश तालनिया एवं प्रसिद्ध कलाकार अनिल नागौरी प्रतिनिधि मंडल में शामिल रहे।
प्रदेश में बढ़ते महिला उत्पीडन के मामले एवं कानून व्यवस्था को लेकर राजे ने बीकानेर से आए कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया साथ ही कद्दावर नेता पूर्व मंत्री देवीसिंह भाटी को भाजपा में शामिल करने के पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के अभियान की सराहना करते हुए भाटी जैसे नेताओं को निश्चित तौर पर मुख्यधारा में आने की बात कही।