कंगना के भाई की शादी : उदयपुर में 6 महीने से चल रही थी शादी की तैयारी, पढ़े खबर


  • बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौट के भाई अक्षत की डेस्टिनेशन वेडिंग लेकसिटी उदयपुर में होने जा रही है। 2 दिन तक चलने वाली इस शादी की शुरुआत बुधवार दोपहर हल्दी और शाम को संगीत की रस्म से होगी। गुरुवार को सुबह 9:15 पर अक्षत रनौट और रितु सागवान सात फेरों के बंधन में बंधेगे। शाम को रिसेप्शन का आयोजन किया जाएगा। इसमें दोनों परिवार के चुनिंदा लोग शामिल रहेंगे।
  • शादी की तैयारियां 6 महीने से चल रही थीं। कंगना ने एक्सेल ट्री इवेंट्स को इसकी जिम्मेदारी सौंपी थी। कंपनी के बृजेश परवानी और चंद्रवीर सिंह चौहान ने बताया कि अक्षत और रितु की वेडिंग सेरेमनी के लिए खास फूलों से सजावट की गई। देश-विदेश से मैरीगोल्ड रोजेज, प्रीमियम टाटा रोजेज, बॉटल ग्रीन जैसे फूल लाए गए हैं। जिनकी अनुमानित कीमत 12 लाख रुपए बताई जा रही है।

रजवाड़ी थीम पर होगी शादी, डेकोरेशन के लिए देश-विदेश से मंगवाए फूल

  • अक्षत की शादी उदयपुर के फेमस लीला पैलेस में गुरुवार को होगी। सुबह 9:15 बजे अक्षत और हरियाणा की रितु सांगवान शादी के बंधन में बंधेंगे। शाम को रिसेप्शन में रनौट और सागवान परिवार के चुनिंदा लोग मौजूद रहेंगे। इससे पहले बुधवार को हल्दी और संगीत सेरेमनी होगी। दो दिन के इस इवेंट के लिए होटल लीला पैलेस के शीश महल को राजस्थानी थीम पर सजाया गया है। संगीत और हल्दी की रस्म में जहां राजस्थानी लोक कलाकार परफॉर्मेंस देंगे, वहीं, शादी के दिन पपेट शो के साथ राजस्थानी कला का संगम देखने को मिलेगा।

राजस्थानी व्यंजनों का कंगना ने उठाया लुत्फ

  • कंगना भाई अक्षत की शादी के सिलसिले में उदयपुर के द लीला पैलेस में ठहरी हैं। कंगना रनौट ने बीती रात शीश महल रेस्टोरेंट में राजस्थानी व्यंजनों का लुत्फ उठाया। इस दौरान कंगना के साथ उनकी बहन रंगोली, मां आशा और परिवार के अन्य लोग मौजूद रहे।