बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग 62 पर महाजन से अर्जुनसर की तरफ करीब 9 किलोमीटर के पास एक कार पेड़ से टकराने के कारण एक व्यक्ति की मौत व तीन लोग घायल हो गए।
महाजन थाने से मिली जानकारी के अनुसार पंजाब की तरफ से आ रही एक कार में ड्राइवर को नींद की झपकी आने के कारण कार पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और अंदर बैठे लोग भी बुरी तरह फंस गए। पुलिस को सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के ग्रामीण जन भी सहायता के लिए मौके पर पहुंचे। कार में सवार लोगों को करीब डेढ़ घण्टे की मशक्कत के बाद कार को तोड़कर बाहर निकाला गया। जहां से उन्हें महाजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्राथमिक उपचार के लिए लाया गया। जहां पर ड्राइवर अनुज कुमार को मृत घोषित कर दिया गया। वही अनुज कुमार की पत्नी चारू देवी 32 वर्ष व अनुज की सास नीलम देवी 58 वर्ष व अनुज का लड़का जिसकी उम्र 2 साल को प्राथमिक उपचार करने के बाद गंभीर स्थिति में बीकानेर के लिए रेफर किया गया जिसमें चारु देवी की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना की सूचना मिलने पर मृतक अनुज कुमार के परिजन महाजन पहुंचे । मृतक के भाई विक्रम द्वारा मामला दर्ज करवाया गया। शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।