डोटासरा बोले- बीजेपी खुद टूट रही है, पायलट वहां क्यों जाएंगे, लगातार उनसे बात हो रही है विवाद का कोई मुद्दा नहीं


 

जयपुर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा है कि सचिन पायलट से प्रभारी अजय माकन और हमारी लगातार बात हो रही है, विवाद की कोई बात ही नहीं है। पायलट की बीजेपी में जाने की सियासी अटकलों के सवाल पर डोटासरा ने कहा कि बीजेपी की हालत आप देख रहे हैं। मुकुल रॉय बंगाल में छोड़कर चले गए, कई नेता बीजेपी छोड़ रहे हैं। सचिन पायलट हमारे पार्टी के नेता हैं, बीजेपी खुद टूट रही है, पायलट क्यों जाएंगे वहां। डोटासरा दिल्ली में मीडिया से बातचीत कर रहे थे।

डोटासरा ने सचिन पायलट विवाद सुलझने का दावा भले किया हो लेकिन जमीनी हालात अलग हैं। पायलट समर्थक विधायक लगातार गहलोत सरकार पर हमलावर हैं। डोटासरा ने कहा कि जिला और ब्लॉक स्तर पर जून में काफी कुछ नियुक्तियां कर दी जाएंगी। बाकी प्रदेश प्रभारी ने भी कहा है कि जल्द ही रिक्तियां भरी जाएंगी। जब प्रभारी कह देते हैं तो कोई बात नहीं बचती है।

अगले महीने मंत्रिमंडल विस्तार और राजनीतिक नियुक्तियां

डोटासरा ने कहा कि इस महीने जिला कार्यकारिणी सहित संगठन का काम पूरा कर लिया जाएगा। अगले महीने मंत्रिमंडल सहित राजनीतिक नियुक्तियों का काम होगा। हालांकि यह मुख्यमंत्री के अधिकार क्षेत्र का विषय है। प्रभारी खुद कह चुके हैं तो कुछ बचता नहीं है।

हेमाराम चौधरी का मामला सुलझ जाएगा

हेमाराम चौधरी की नाराजगी और इस्तीफे पर डोटासरा ने कहा कि हेमारामजी से मेरी कल ढाई घंटे बात हुई है। यह घर का मसला है। हम बैठक कर सुलझा लेंगे। हेमाराम चौधरी के उठाए मुद‌दे लगभग सुलझा लिए गए हैं, कोई बड़ा मुद्दा नहीं है।