डंपर के रौंदने से अलग हुआ 5 साल बच्ची का हाथ,खून बहने से बच्ची की मौत


 

सीकर जिले के नीमका थाना क्षेत्र में बुधवार को एक तेज रफ्तार डंपर ने पांच साल की बच्ची को कुचल दिया। हादसा इतना भयानक था कि बालिका का एक हाथ शरीर से अलग हो गया। घायल बच्ची को नाना अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां से उसे जयपुर रैफर कर दिया। जयपुर पहुंचने पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

जिले में गणेश्वर के चौखाला गांव में पांच वर्षीय गोलू सड़क पर खेल रही थी। इस दौरान खदानों की तरफ जा रहा एक तेज रफ्तार डंपर ने गोलू को कुचल दिया। अचानक हुए हादसे को देख डंपर चालक भाग निकला। हादसे में गोलू का एक हाथ शरीर से अलग हो गया। हादसे को देख आसपास भीड़ जमा हो गई। गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। अपनी नातिन को तड़पता देख बनवारी उसे लेकर अस्पताल की तरफ भागने लगा। एक युवक ने उसे बाइक पर बिठाया और अस्पताल लेकर पहुंचे। गोलू की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने जयपुर रैफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। गौरतलब है कि बच्ची कुछ दिनों पहले ही मां के साथ ननिहाल चौखाला आई थी। उसका गांव बासड़ी खुर्द था।