
जयपुर-दिल्ली हाइवे पर युवक की पीठ में गोली मारकर हत्या; वारदात से पहले की थी बातचीत
शाहपुरा पुलिस के अनुसार मृतक की शिनाख्त उत्तर प्रदेश के रहने वाले मेहरून खान (35) के रूप में हुई है। वह जयपुर जिले के शाहपुरा में गाड़ियों की डेंटिंग-पेंटिंग का काम करता था। सोमवार दोपहर को मेहरुन को एक युवक से नेशनल हाइवे पर निठारा पुलिया के पास सड़क पर खड़े होकर बातचीत करते हुए देखा गया था। इसी दौरान मेहरुन से बात कर रहे व्यक्ति ने कपड़ों में छिपा रखा कट्टा निकाला और मेहरुन पर फायरिंग कर दी।
इससे एक गोली मेहरुन की पीठ में लगी। वह जमीन पर गिर गया। फायरिंग के बाद हत्यारा वहां से फरार हो गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़े मेहरुन को संभाला। पुलिस को सूचना दी। फिर मेहरुन को राजकीय अस्पताल पहुंचाया। वहां उसने दम तोड़ दिया।


