
मौसम अपडेट:पहले ताऊ-ते लाएगा बवंडर, फिर आग बरसाएगा नौतपा
बीकानेर तूफान ताऊ-ते का असर राजस्थान में भी होगा। बीकानेर भी अछूता नहीं रहेगा। मौसम विभाग ने प्रदेश के जिलों में अलग-अलग अलर्ट जारी किया है। उदयपुर संभाग के जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। वहां 1 दिन में 200 एमएल से ज्यादा बारिश की आशंका है। हालांकि बीकानेर में कुछ राहत रहेगी, इसलिए यहां ऑरेंज अलर्ट है।
18, 19 मई को तेज तूफान और बारिश के संकेत हैं। इसका असर 24 मई तक रहेगा। इसके बाद 25 मई से नौतपा का असर शुरू हो जाएगा। मौसम विभाग ने भी नौतपा शुरू होते ही दिन का तापमान 46 डिग्री और उससे अधिक होने की आशंका जताई है। इस बार नौतपा का असर 15 दिन तक रहेगा यानी 10 जून तक बीकानेर गर्मी से बेहाल रह सकता है।
लॉकडाउन की वजह से कई घरों में अब तक न तो कूलर खरीदे गए और ना ही उनकी मरम्मत हो सकी है। इसलिए लोग अभी गर्मी में भी पंखे से काम चला रहे हैं। लेकिन, नौतपा शुरू होने से पहले यदि लाॅकडाउन से राहत नहीं मिली तो गर्मी बेहाल करेगी।
आसमान साफ रहने से 41 डिग्री पार हुआ दिन का पारा
रविवार को आसमान साफ रहा। रात में हवा बंद रही इसलिए उमस और तपिश का दौर सुबह से ही शुरू हो गया। दोपहर पिछले कुछ दिनों की तुलना में ज्यादा गर्म रही। इस बीच दिन और रात का तापमान भी बढ़ गया। न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री और अधिकतम 41.7 डिग्री दर्ज किया गया।
होगा क्या : ताऊ ते के असर से 24 मई तक 40 डिग्री तक ही रहेगा तापमान
25 मई से नौतपा शुरू : 460 से अधिक रह सकता है दिन का पारा
इधर, तूफान को लेकर अलर्ट मोड पर आया प्रशासन, अस्पतालों में बिजली बाधित नहीं होने की सख्त हिदायत
ताऊ ते तूफान को लेकर सरकार ने प्रशासन को अलर्ट कर दिया है। रविवार को कलेक्टर नमित मेहता ने अलर्ट को लेकर सभी एसडीएम की वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के जरिए मीटिंग ली। सभी को सख्त हिदायत दी गई कि किसी सूरत में अस्पतालों में बिजली बंद नहीं होनी चाहिए। कोविड अस्पतालों में वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, क्योंकि वहां गंभीर मरीज हैं।
कई मरीज वेंटिलेटर पर हैं, कई ऑक्सीजन सपोर्ट पर। बिजली जाते ही उनकी सांसें उखड़ने लगेंगी। अंधड़ या बरसात आने की स्थिति में भी अस्पतालों में कोविड प्रबंधन प्रभावित नहीं हो। प्रत्येक अस्पताल में विद्युत आपूर्ति निर्बाध रहे, इसके लिए अभी से व्यवस्थाएं कर ली जाएं। सभी अस्पतालों में जनरेटर हों। ये चालू स्थिति में रहें और आवश्यकता पड़ने पर इनका तत्काल उपयोग किया जा सके।
विद्युत निगम के अधिकारी एक्टिव मोड पर रहें और आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में तत्काल दुरुस्त करें। कलेक्टर ने पीबीएम सहित सभी अस्पतालों को भी ताऊ-ते तूफान की चेतावनी के मद्देनजर अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पीबीएम अधीक्षक सहित जिला मुख्यालय और निजी चिकित्सालयों को विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में वैकल्पिक संसाधनों को चाक-चौबंद रखने को कहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को भी जिले भर के चिकित्सकीय संस्थानों की मॉनिटरिंग के लिए निर्देशित किया है।