- दीपावली होते ही अचानक मौसम पलटा। प्रदेश के कई हिस्सों में ओले गिरे-बारिश हुई….इस बार बीकानेर भी भीगा। ग्रामीण इलाकों में बूंदें गिरीं तो मौसम सर्दी में लिपट गया। मौसम अचानक पलटा। तेज हवा से तापमान भी गिर गया। सोमवार सुबह 10 बजे तक घना कोहरा रहा। विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम थी। अचानक मौसम में आए बदलाव का असर जनजीवन पर पड़ा। दिन में भी लोग गर्म कपड़ों में नजर आए। सर्दी में अब लगातार इजाफा होगा।
मौसम का पहला कोहरा गांवों में बूंदाबांदी के बाद ठिठुरन बढ़ी
- बीकानेर ग्रामीण। कई जगहों पर रविवार काे हुई हल्की बूंदाबांदी के बाद ग्रामीण अंचल में सोमवार को अचानक सर्दी बढ़ गई। सुबह 10 बजे तक कई जगहों पर कोहरा छाया रहा, वहीं कोहरा छंटते ही सर्द हवाओं ने घेर लिया। हाइवे पर चलने वाले वाहन चालकों को लाइटें जलानी पड़ीं। जैतपुर संवाददाता के अनुसार जैतपुर व आसपास के क्षेत्र में सर्दी का प्रकोप बढ़ गया है। रविवार को पूरे दिन दिन तेज हवा चलती रही। शाम के समय हुई बूंदाबांदी के बाद सोमवार को सुबह से ही कोहरा छा गया। कोहरा भी इतना घना था कि परिवहन बाधित हुआ। हालात ये थे कि 10-12 मीटर से आगे देखना भी मुश्किल हो रहा था। यह हालात सुबह 10 बजे तक रहे।
श्रीडूंगरगढ़ में दोपहर तक कोहरा
- रविवार दोपहर करीब 2.30 बजे क्षेत्र के कई गांवों में हल्की बारिश हुई। रविवार को चली तेज और ठंडी हवाओं से देर रात को कोहरा आया एवं सोमवार दोपहर तक कोहरे का असर रहा। इस दौरान सुबह तो दृष्टि सीमा 50 मीटर भी नहीं रही एवं हाइवे पर वाहन रेंग-रेंगकर चलते दिखे। रविवार दोपहर बाद हुई बारिश के दौरान गांव रिड़ी के किसान मोहनराम पुत्र देदाराम जाट के खेत में नीम के पेड़ से बंधे ऊंट पर बिजली गिरी। मौके पर ही ऊंट की मौत हो गई।