
टीकाकरण : जिनके पास कोई पहचान पत्र नहीं, वे भी पीबीएम के जिरियाट्रिक सेंटर पर लगवा सकेंगे वैक्सीन
बीकानेर, 13 सितंबर। बुधवार के स्थान पर एक दिन पहले यानी कि मंगलवार को ही बीकानेर में कोविड टीकाकरण का लक्खी मेला भरेगा। यानी कि एक बार फिर से बीकानेर कोशिश करेगा एक दिन में एक लाख वैक्सीन डोज लगाने की। इसके लिए बीकानेर शहरी क्षेत्र में 103 जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में 374 यानी कि कुल 477 केंद्रों पर एक साथ कोविड टीकाकरण किया जाएगा।
स्वास्थ्य सचिव सिद्धार्थ महाजन द्वारा सभी जिलों को वैक्सीन प्राप्ति के अगले ही दिन समस्त डोज उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं जिसकी पालना में जिला कलेक्टर नमित मेहता द्वारा बीकानेर में मेगा वैक्सीनेशन अभियान 1 दिन पहले आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। मेहता द्वारा स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ समस्त प्रशासनिक अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप कर एक बार फिर एक दिन एक लाख अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत झोंकने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ ओ पी चाहर ने बताया कि अभियान के लिए जिले को प्राप्त 20,000 कोवैक्सीन व 90,000 कोविशील्ड डोज को जिले के कोने कोने तक पहुंचा दिया गया है। वेरिफिकेशन, वैक्सीनेशन व सामुदायिक भागीदारी बढ़ाने के लिए अतिरिक्त मानव संसाधन के तौर पर सीएचए, सीएचओ, आशा, बीएलओ आदि को चिन्हित कर कार्य सौंप दिया गया है। इसके अतिरिक्त 100 से ज्यादा नर्सिंग विद्यार्थी भी शहरी क्षेत्र में अपना योगदान देंगे।


