
जिन एरिया से ज्यादा संक्रमित वहां आराम से बाहर निकल रहे लोग; जहां आवागमन अधिक, वहां लगी रोक
बीकानेर में “जीरो मोबिलिटी एरिया” का आधार कोरोना संक्रमितों की संख्या नहीं बल्कि उस क्षेत्र में हो रहा आवागमन रहा। निश्चित तौर पर इसका बेहतर परिणाम आयेगा लेकिन जहां सर्वाधिक रोगी मिल रहे हैं, वहां भी “जीरो मोबिलिटी एरिया” होना चाहिए। फिलहाल बीकानेर में सम्पूर्ण लॉकडाउन है लेकिन सबसे अधिक कोरोना संक्रमित के बाद भी सुबह और शाम इन क्षेत्रों में लोग बाहर निकल रहे हैं।
अभी यहां बंद है आवागमन
बीकानेर में फड़बाजार और बड़ा बाजार क्षेत्र में आवागमन पूरी तरह से बंद है। इसका मुख्य कारण यहां पर किराना की दुकानें अधिक होना है। रोगियों की संख्या यहां से अधिक अन्य मोहल्लों में है। इसके बाद भी वहां आवागमन जारी है। इन दो क्षेत्रों में आवागमन बंद होने से ये फायदा जरूर हुआ कि लोग एक जगह एकत्र नहीं हो रहे। वहीं अब उन क्षेत्रों में भी रोक की जरूरत महसूस हो रही है, जहां रोगी ज्यादा है और आवागमन जारी है।
ये हैं बीकानेर के हॉटस्पॉट
बीकानेर के जिन क्षेत्रों में सर्वाधिक कोरोना रोगी आ रहे हैं, उनमें सबसे आगे शिवबाड़ी क्षेत्र है। मंगलवार काे हुए टेस्ट की बुधवार को आई रिपोर्ट में ही शिवबाड़ी के छोटे से क्षेत्र से बारह पॉजिटिव केस आए हैं। इनमें भी एक बच्चा शामिल है। शिवबाड़ी के मोहल्ले में ही कोरोना घर घर पहुंच गया है। इसके अलावा जयनारायण व्यास कॉलोनी में भी पॉजिटिव केस बड़ी संख्या में है। इस कॉलोनी के सेम्पल न सिर्फ पीबीएम अस्पताल के काेविड ओपीडी में आ रहे हैं बल्कि बीकानेर व गंगाशहर के सैटेलाइट अस्पताल तक आ रहे हैं। जयनारायण व्यास कॉलोनी क्षेत्र जिसमें शिवबाड़ी, पवनपुरी, कांता खतुरिया कॉलोनी व सार्दुलगंज आदि क्षेत्र आ रहे हैं, वहां कोविड के सर्वाधिक रोगी है।
यहां भी सख्ती की जरूरत
इसके अलावा जहां कोरोना रोगी अधिक आ रहे हैं उनमें बंगला नगर विशेष है। पिछले कई दिनों से यहां नियमित रूप से पॉजिटिव रोगी आ रहे हैं। तिलक नगर क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में पॉजिटिव केस आ रहे हैं। तिलक नगर डिस्पेंसरी में आ रहे पॉजिटिव केस यहीं के हैं। माना जा रहा है कि ग्रामीण क्षेत्र से यहां आना जाना अधिक है।
गंगाशहर शुरू से हॉटस्पॉट
कोरोना की दूसरी लहर आने के साथ ही गंगाशहर में नियमित रूप से रोगी बढ़े हैं। गंगाशहर स्थित सैटेलाइट अस्पताल में भी गंगाशहर व आसपास के मोहल्लों के सेम्पल पॉजिटिव आ रहे हैं। गंगाशहर के आसपास भीनासर, सुजानदेसर में भी पॉजिटिव अधिक है। यहां भी बड़ी संख्या में अन्य जिलों से व राज्यों से प्रवासी बीकानेर आ रहे हैं।