
16 जिलों हल्की बारिश के साथ आंधी चलने का अनुमान
जयपुर देश में मानसून केरल पहुंचने के साथ ही राजस्थान में भी प्री-मानसून का असर नजर आ रहा है। प्रदेश की राजधानी जयपुर सहित कई प्रमुख शहरों में रविवार को अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश के साथ आंधी चलने का अनुमान है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार जयपुर, चुरू, सीकर, कोटा, बारां, अलवर जिलों और आसपास के अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का अनुमान है।
इसी तरह, उदयपुर, चित्तौड़गढ़, बूंदी, कोटा, बीकानेर, बाड़मेर, जालोर, जैसलमेर, जोधपुर और सिरोही जिले और आसपास के क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश के साथ आंधी आ सकती है। प्रमुख शहरों की बात करें तो राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 39 डिग्री रहा और न्यूनतम 25 डिग्री रहा। यहां शनिवार को कई हिस्सों में बारिश हुई। इससे गर्मी से निजात मिली। कुछ घंटे बाद ही उमस होने से लोग परेशान होते रहे।
शनिवार को पाली रहा सबसे ज्यादा गर्म, बीकानेर में सबसे ज्यादा बारिश
शनिवार को दोपहर तक तेज गर्मी के बाद अचानक मौसम बदला और आसमान में काले बादल छा गए थे। इसके बाद कई जिलों में बारिश हुई। ओले भी गिरे। सबसे ज्यादा 13 एमएम बरसात बीकानेर में दर्ज की गई। आमतौर पर प्रदेश के कई जिलों में जून में पारा 50 डिग्री के आसपास रहता है। जो इस बार नीचे आ गया है। शनिवार को प्रदेश के 7 शहरों में तापमान 40 डिग्री रहा। इनमें 41.5 डिग्री के साथ पाली सबसे गर्म शहर रहा।


