
ताले तोड़कर घूसे चोर, गहने और नगदी ले गए; सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
बीकानेर के नापासार में गुरुवार रात को चोरों ने एक ज्वैलरी शॉप पर चोरी की। दुकान में लगे 4 ताले तोड़कर चोर दुकान में घूसे। वहां रखे हुए गहने ले गए। इनके अलावा, 4 हजार रुपए की नगदी भी चोर दुकान से उठा ले गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी को खंगाला है। फिलहाल, चोरों के बारे में पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला है।
पुलिस ने बताया कि नापासार कस्बे के मुख्य बाजार में स्थित कृष्णा ज्वैलर्स में देर रात चोर घुसे थे। यहां रखी हुई अंगुठियां और बिछुड़ियां ले गए। चोर बाकी का क्या सामान ले गए इसका अभी अभी मिलान किया जा रहा है।
दुकान मालिक राजकुमार सोनी को शुक्रवार सुबह आसपास के लोगों ने फोन करके बताया कि दुकान के ताले टूटे हुए हैं। दुकान पर 4 ताले लगे हुए थे, सभी को कटर से काट दिया गया। दुकान मालिक ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद नापासर थानाधिकारी जगदीश पाण्डर मौके पर पहुंचे। आसपास की दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे से मामले की छानबीन की जा रही है।
एक महीने में तीसरी चोरी
नापासर में गत नौ जनवरी को रामसर गांव में लगे एटीएम को तोड़ा गया। तीन लोग मिलकर एटीएम तोड़ते सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुए थे। हालांकि एटीएम से रुपए नहीं ले जा सके। वहीं बारह जनवरी को स्टेशन के पास स्थित एक मंदिर से सोने व चांदी के भगवान के आभूषण व छत्तर भी चोरी करके ले गए थे।


