
सरकार ने कहा- कीव न आएं; रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी, इंडियन एंबेंसी से नहीं हो रहा कॉन्टेक्ट
रूस और यूक्रेन के युद्ध में कई राजस्थानी स्टूडेंट्स फंस गए हैं। दोनों देशों के बीच तनाव के कारण कई स्टूडेंट्स भारत लौट रहे थे, लेकिन देर रात(भारतीय समय के अनुसार) रूस ने यूक्रेन पर हमला कर दिया, इसके बाद सभी फ्लाइट्स रद्द हो गई हैं।
वहां फंसे स्टूडेंट्स ने दैनिक भास्कर को बताया कि भारत लौटने के लिए वे कीव जा रहे थे, लेकिन कीव पर हमले की सूचना के बाद वहां जाने वाली सभी ट्रेनें जहां थीं, वहीं खड़ी कर दी गई। करीब 3 घंटे बाद हम जैसे-तैसे कीव पहुंचे हैं। पढ़िए, रूस की बमबारी के बीच फंसे स्टूडेंट्स की आपतबीती…
मैं अपने 3 साथियों के साथ यूक्रेन के सबसे ज्यादा खतरे वाले इलाके लुहांस्क से कीव लौट रही थी। 25 फरवरी की सुबह-सुबह दिल्ली के लिए फ्लाइट थी, लेकिन हमले के बाद एयरपोर्ट बंद कर दिए गए हैं। ट्रेन में जो भी स्थानीय लोग हैं, वे हमसे कह रहे हैं कि तुम्हारी लाइफ डेंजर में हैं। यहां बहुत पैनिक सिचुएशन है। इंडियन एंबेसी को फोन लगा रहे हैं, लेकिन कोई कांटेक्ट नहीं हो पा रहा है। समझ ही नहीं आ रहा है कि क्या करें। हर तरफ सिर्फ दहशत है।
हम कीव से बमुश्किल डेढ़ घंटे की दूरी पर थे, लेकिन तभी ट्रेन घंटे रोक दी गई। एक घंटे ट्रेन रुकी रही। कोई कुछ नहीं बता रहा है। सिर्फ इतना पता चला है कि कीव पर हमला हुआ है। यह सुनकर हम और डर गए हैं।
अभी हमने ट्रेन में ही सुना है कि यूक्रेन सरकार ने सभी नागरिकों को कीव आने से मना कर दिया है। यूक्रेन सरकार कह रही है कि सभी लोग वेस्ट यूक्रेन जाएं। वहां हमारा कोई पहचान का नहीं है। एंबेसी भी कह रही है कि कीव न आएं। दिमाग बिल्कुल काम नहीं कर रहा है कि हम क्या करें। फिलहाल हम जैसे-तैसे कीव रेलवे स्टेशन पर पहुंच गए हैं। यहां चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल है। एंबेसी जाने के लिए टैक्सी भी नहीं मिल रही है।
वेस्टर्न यूक्रेन में स्थित शेर्नीव्त्सी यूनिवर्सिटी से कुछ समय पहले ही मैसेज आया है कि जो कीव जा रहे हैं, वे वापस लौट जाएं। जो नहीं लौट सकते, वे इंडियन एंबेसी में चले जाएं। हमें कीव के बुगजाल रेलवे स्टेशन पर उतरना था, लेकिन लोग कह रहे हैं कि वहां भी स्थिति ठीक नहीं है। सभी बहुत डरे हुए हैं।
राजस्थान में पेरेंट्स सरकार से ऐसे ले सकते हैं मदद
यूक्रेन से राजस्थान के प्रवासी लोगों की सुरक्षित घर वापसी के लिए राजस्थान सरकार ने राजस्थान फाउंडेशन के कमिश्नर धीरज श्रीवास्तव को नोडल ऑफिसर नियुक्त किया है। धीरज श्रीवास्तव ने बताया राज्य सरकार राजस्थानियों की सुरक्षा को लेकर सचेत है। यूक्रेन में मौजूदा वक्त में जो हालात चल रहे हैं, उससे प्रभावित जो भी प्रवासी राजस्थानी वापस आना चाहता है उसकी हर संभव मदद की जाएगी। यूक्रेन संकट से प्रभावित कोई भी व्यक्ति मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 181 और टेलीफोन नंबर 0141-2229091, 2229111, ईमेल rajfound.raj@nic.in और मोबाइल नंबर 08306009838 पर सीधा संपर्क कर सकते हैं।