
दसवीं और बारहवीं की बोर्ड परीक्षाएं मई के पहले सप्ताह में संभव, बोर्ड जल्द जारी कर सकता है टाइम टेबल
अजमेर राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12 वीं की वर्ष 2021 की मुख्य परीक्षाएं मई के पहले सप्ताह में शुरू होने की संभावना बन रही है। बोर्ड इसी हिसाब से परीक्षा टाइम टेबल तैयारी में जुटा है। माना जा रहा है कि जल्द ही टाइम टेबल जारी किया जा सकेगा।
कोविड-19 के चलते इस बार बोर्ड परीक्षाएं करीब 2 महीने बाद शुरू होंगी । आमतौर पर बोर्ड की परीक्षाएं मार्च के पहले सप्ताह में शुरू हो जाती हैं, लेकिन इस बार प्रदेश भर में स्कूलों के बंद रहने और पढ़ाई नहीं होने की वजह से परीक्षाएं मई में शुरू होगी। बोर्ड के आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि मई के पहले सप्ताह में बोर्ड परीक्षाएं शुरू करा देगा। ये परीक्षाएं जून के पहले सप्ताह तक आयोजित हो सकेंगी । इस बार बोर्ड की परीक्षाओं में रिकॉर्ड 21 लाख से अधिक विद्यार्थी बैठने जा रहे हैं। बोर्ड इसी हिसाब से तैयारियों में जुटा हुआ है। बोर्ड के आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि 10वीं 12वीं और समकक्ष परीक्षाओं के टाइम टेबल की तैयारी जारी है। जल्द ही टाइम टेबल जारी किया जा सकता है। प्रदेश भर में स्कूलों में परीक्षा टाइम टेबल का इंतजार किया जा रहा है।
मार्च में प्रायोगिक परीक्षाएं
बोर्ड की 12वीं की प्रायोगिक परीक्षाएं इस बार मार्च में शुरू होने की संभावना है । इसके लिए भी बोर्ड तैयारियां कर रहा है। स्कूलों में भी विद्यार्थियों को प्रैक्टिकल कराए जा रहे हैं। हर साल प्रायोगिक परीक्षाएं जनवरी में शुरू हो जाती है, लेकिन इस पर यह भी विलंब से शुरू हो रही है।
60% कोर्स में से आएंगे पेपर
बोर्ड द्वारा पहले ही तय किया जा चुका है कि इस बार बोर्ड परीक्षाओं के प्रश्न पत्र 60% कोर्स में से ही आएंगे । कोविड-19 को देखते हुए बोर्ड ने इस साल 40% कोर्स कम कर दिया था। स्कूलों में भी इसी हिसाब से पढ़ाई कराई गई और परीक्षा तैयारियां कराई जा रही है।


