
पानी की ऐसी किल्लत…लोगों ने टंकी पर चढ़ कर किया विरोध-प्रदर्शन, देखे खबर
बीकानेर। इस प्रचण्ड गर्मी के दौर में पेयजल किल्लत सबसे बड़ी समस्या बनती जा रही है। इसको लेकर पिछले कुछ दिनों से लगातार शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। वहीं शहर के वार्ड नं. 33 में शिवबाड़ी क्षेत्र स्थित अम्बेडकर कॉलोनी में आज आक्रोशित मौहल्लेवासियों का रोष फूटा और उन्होंने पानी की मांग को लेकर शिवबाड़ी स्थित जलदाय विभाग की टंकी पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन किया।
स्थानीय पार्षद मनोज कुमार नायक के नेतृत्व में मौहल्लेवासियों ने जलदाय विभाग द्वारा क्षेत्र में पानी को लेकर भेदभाव का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। इसकी सूचना मिलने पर मौके पर जेएनवीसी पुलिस पहुंची और मौहल्लेवासियों व जलदाय विभाग के अधिकारियों से बातचीत कर मामले को शांत करवाया। इस दौरान स्थानीय पार्षद मनोज कुमार नायक ने बताया कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है।
क्षेत्र में अम्बेडकर कॉलोनी स्थित गली. 5 व 6 में पानी सप्लाई को लेकर भेदभाव पूर्ण व्यवहार किया जा रहा है। मनोज कुमार ने बताया कि बिजली विभाग द्वारा गली नं. 5 में लाईट काटने के बाद जलदाय विभाग दोनों गलियों में एक साथ पानी की सप्लाई शुरू कर देता है। जिससे गली नं. 6 में बिजली होने से सारा पानी वहां सप्लाई हो जाता है। गली नं. 5 में पानी की सप्लाई नाममात्र की होती है। पार्षद ने बताया कि इस प्रकार के भेदभावपूर्ण व्यवहार अब सहन नहीं किया जाएगा।


