बीकानेर । शहर में मेडिकल स्टोर नशीली दवाओ के ठिकाने बने हुए है,इसकी सूचना मिलने के बाद जिला पुलिस की स्पेशल टीम ने बुधवार को दवा की दो दुकानों में भारी मात्रा में नशीली टेबलेट्स बरामद की। इनमें से एक मेडिकल स्टोर पर दो माह पहले भी औषधी नियंत्रण विभाग की टीम ने छापामार कार्यवाही कर नशीली दवाएं बरामद की थी।
पुलिस की इस कार्यवाही से शहर के दवा कारोबार जगत में हड़कंप सा मच गया। जानकारी के अनुसार बुधवार को पुलिस अधीक्षक की ओर से गठित विशेष दल को इन दुकानों पर नशे की दवाएं मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने कीर्ति स्तभ के पास स्थित उपचार मेडिसिन स्टोर पर कार्रवाई की। यहां से 11 हजार 879 मेडिकेटेड गोलियां बरामद की गई। यह गोलियां नशीली होती है। इसके अलावा मुय डाकघर के पास विनय मेडिकोज पर भी कार्रवाई की। यहां भी पुलिस को 5 हजार 936 गोलियां मिली। ये कार्रवाई विशेष पुलिस दल के प्रभारी व उप निरीक्षक ईश्वर सिंह के नेतृत्व में की गई। उपनिरीक्षक ईश्वर सिंह ने बताया कि बीकानेर में अब तक करीब दो लाख नशीली गोलियां बरामद की गई है। पुलिस की इस कार्यवाही में औषधी विभाग के निरीक्षक जितेन्द्र बौथरा भी शामिल रहे।