पर्यटकों के लिए खुलेगा बीकानेर का सांचू पोस्ट, यहां से पाक बॉर्डर नजर आएगा


  • इंटरनेशनल बॉर्डर देखने के लिए जैसलमेर के तनोट और श्रीगंगानगर के हिंदुमलकोट के बाद बीकानेर का सांचू पोस्ट तैयार हो रहा है। पाकिस्तान से सटी राजस्थान की पश्चिमी सीमा पर बीकानेर में बीएसएफ की सांचू पोस्ट अब टूरिस्ट डेस्टिनेशन बनने वाला है। दरअसल, सांचू पोस्ट पर छोटा वार म्यूजियम बनाया गया है। यहां भारत-पाक के बीच 1965 और 1971 में हुए युद्ध का वृतांत पत्थर पर गढ़ा गया है। एक बड़ा हॉल भी बनाया जाएगा, जिसमें युद्ध की डॉक्यूमेंट्री दिखाई जाएगी।

  • सांचू से फेंसिंग मात्र दो किमी दूर है। वहां व्यू पॉइंट बनाया जाएगा। इस पर वॉच टावर होगा, जहां बीएसएफ के जवान तैनात रहेंगे। वीवर पॉइंट कांच का होगा। पर्यटक वहां बैठकर बायनोक्यूलर से बॉर्डर देख सकेंगे। उन्हें भारत-पाक सीमा रेखा (जीरो लाइन) नजर आएगी। पाकिस्तान की रनिहाल पोस्ट भी दिखाई देगी। बीएसएफ और राजस्थान टूरिज्म ने हिंदूमलकोट चौकी को आदर्श चौकी का दर्जा देकर विकसित कर रखा है। पर्यटकों को पाकिस्तानी क्षेत्र की झलक दिखाने के लिए विशेष तौर पर प्लेटफार्म बनाया गया है।