
SBI बैंक में चौथी बार चोरी की कोशिश:बदमाश दीवार तोड़कर अंदर घुस रहे थे, गार्ड ने देखा तो ललकारा; औजार छोड़ हुए फरार
सवाई माधोपुर जिले के गंगापुर सिटी में देर रात एसबीआई बैंक की शाखा को लूटने की कोशिश की गई। इस दौरान गार्ड की सजगता से चोर भाग निकले। जिसके बाद बैंक मैनेजर समेत कई कर्मचारी मौके पर पहुंचे। वहीं, पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस सीसीटीवी की मदद से चोरों की पहचान करने में जुटी है।
घटना पंचायत समिति परिसर में स्थित एसबीआई बैंक की है। जहां चोरों ने बैंक के पीछे की दीवार तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान बैंक में मौजूद सुरक्षा गार्ड मोतीराम गुर्जर को भनक लगी तो देखने पहुंचा। गार्ड ने चोरों को ललकारा तो वे औजार छोड़कर मौके से फरार हो गए। हालांकि दीवार टूटने से बैंक के अंदर रखा कंप्यूटर क्षतिग्रस्त हो गया।
सीसीटीवी कैमरा टूटा मिला
पुलिस जांच के दौरान बैंक के अंदर लगा सीसीटीवी कैमरा भी टूटा मिला। वहीं, बैंक के आसपास लगे कैमरों की भी जांच की जा रही है। साथ ही लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
तीन बार पहले भी हो चुकी लूट की कोशिश
जानकारी अनुसार, इस बैंक में पहले भी तीन बार लूट का प्रयास हो चुका है। करीब चार साल पहले चोर इस बैंक से करीब 2 लाख रुपए की कलदार चुरा ले गए थे।


