
सड़क हादसा इतना दर्दनाक कि रूह कांप उठे, पढ़े खबर
चित्तौड़गढ़ जिले के गंगरार क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। ट्रेलर ने एक बाइक को टक्कर मार दी। बाइक पर सवार 7 महीने की गर्भवती महिला गिर गई। ट्रेलर उसके पेट के ऊपर से निकल गया। इससे बच्चा पेट से निकल गया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि नवजात शिशु में हलचल देखी गई।
वहीं, महिला के साथ बाइक पर उसका पति और 7 साल का एक बच्चा भी था, जो गंभीर घायल हो गए। आसपास के लोगों ने एम्बुलेंस और पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर डॉक्टर को बुला कर बच्चे की नाल काटी गई। सभी को 108 एंबुलेंस से जिला हॉस्पिटल लेकर आए लेकिन कुछ देर बाद ही नवजात ने भी दम तोड़ दिया। पति और 7 साल के बच्चे को हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया, लेकिन बच्चे की हालत खराब होने पर उसे उदयपुर रैफर कर दिया गया।
बलराज ढोली पुत्र कन्हैयालाल निवासी गढ़िया महादेव, सदर बाजार अपनी गर्भवती पत्नी हेमलता और 7 साल के बेटा राघव के साथ बाइक से गंगरार गए थे। वहां से लौटते समय जिंक पुलिया के समीप पीछे से आ रहे ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे पति-पत्नी और बच्चा तीनों सड़क पर गिर गए। हादसा होते ही आसपास भीड़ एकत्रित हो गई। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी। मौके पर डॉ ने पहुंचकर बच्चे की नाल काटी और एंबुलेंस की सहायता से चारों को जिला हॉस्पिटल पहुंचाया। महिला और बच्चे के शव को मोर्चरी में रखवाया। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम किया जाएगा
मामा जी के डेथ की सूचना पर गए थे गंगरार
एक्सीडेंट की सूचना मिलते ही बलराज के परिजन और क्षेत्रवासी हॉस्पिटल पहुंच गए। एकाएक भीड़ एकत्रित हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने भी लोगों को समझाया। महिला के सगे मामा का निधन हो गया था। पूरा परिवार गमी की बैठक में गंगरार गया था। वहां से लौटते समय यह हादसा हो गया। मौके पर बलराज के बड़े भाई, भाभी, भतीजे सब थे।


