
सड़क हादसा:देर रात बोलेरो कैंपर और ट्रक की आमने-सामने टक्कर, दो की मौत
जोधपुर जिले के देचू क्षेत्र के गुमानपुरा गांव में मंगलवार देर रात एक बोलेरो कैंपर व ट्रक के बीच हुई टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई। दोनों के शव कैंपर में बुरी तरह से फंस गए। पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकलवाया। शव देचू अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। उनकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 125 पर गुमानपुरा गांव के समीप एक ट्रक और कैंपर के बीच आमने-सामने से जोरदार टक्कर हो गई। तेज रफ्तार के साथ दोनों वाहन टकराए। इस हादसे में कैंपर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के ट्रक सड़क से उतर कर एक खेत में जा घुसा। फिलहाल दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है।


