तीन शिफ्टों में प्रमुख जगहों पर होगी पुलिस की नाकाबंदी, नाइट कर्फ्यू में न्यू ईयर जश्न मनाने निकले तो पहुंचेंगे हवालात


  • जयपुर शहर में आज नाइट कर्फ्यू के दौरान न्यू ईयर सेलीब्रेट आपको महंगा पड़ सकता है। ऐसे में सही होगा कि आप आज रात को घर पर रहकर ही परिवार के साथ नया साल मनाएं। कोरोना महामारी को देखते हुए प्रदेश भर में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के निर्देशों के बाद गृह विभाग द्वारा जारी आदेशों के तहत जयपुर में भी आज रात 8 बजे से कल सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू रहेगा।

  • इस आदेश की सख्ती से पालना करवाने के लिए जयपुर में तीन शिफ्टों में पुलिस सख्ती नाकाबंदी करेगी। इनमें दिन में 82 जगहों पर, शाम को 7 बजे से 120 जगहों पर और रात को 90 जगहों पर नाकाबंदी की जाएगी। इस दौरान यदि आप जोश और उत्साह में नाइट कर्फ्यू या फिर काेरोना महामारी की गाइडलाइन के नियमों का उल्लंघन करते हुए बाहर सड़कों पर निकले तो आप पर गिरफ्तारी की तलवार लटक सकती है। आप सड़क से सीधे हवालात जा सकते है। गाड़ी भी जब्त हो सकती है।

  • जयपुर के अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर राहुल प्रकाश ने बताया कि जयपुर में नाइट कर्फ्यू की सख्ती से पालना करवाई जाएगी। इसके लिए नाकाबंदी के साथ अभय कमांड कंट्रोल सेंटर में पुलिस सीसीटीवी के जरिए भी निगरानी रखेगी। सादा वर्दी में भी पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। कुछ विशेष आयोजनों को छोड़कर होटल, पब, रेस्त्रां, सामुदायिक केंद्र, क्लब व अन्य प्रतिष्ठानों पर सभी प्रकार के आयोजनों पर रोक रहेगी। इसके लिए जयपुर कमिश्नरेट के थाना प्रभारियों को निर्देश दिए है। ऐसे में आमजन से भी अपील है कि वे घर में रहकर ही न्यू ईयर मनाएं। बेवजह बाहर ना निकलें। ताकि आपको किसी तरह की कानूनी सख्ती का सामना करना पडे़।