4 दिन में पेट्रोल-डीजल 1.50 रु. तक महंगे, श्रीगंगानगर और बीकानेर में सामान्य पेट्रोल 100 रु. के पार, अभी 3 रुपए और बढ़ने की संभावना,पढ़े खबर


  • राजस्थान के तीन सीटों पर उपचुनाव, पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु और केरल के चुनाव परिणाम आने के बाद पिछले 4 दिन से पेट्रोल-डीजल के दामों में रोजाना बढ़ोतरी हो रही है। चुनावों की घोषणा के समय पर केंद्र सरकार ने लगातार बढ़ रही दरों को स्थिर कर दिया था। अब चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद से महंगाई ने रंग दिखाना शुरू कर दिया है। राजस्थान के गंगानगर, कोटा, नागौर, चित्तौड़गढ़ में प्रीमियम पेट्रोल की दरें सौ रुपए के पार पहुंच चुकी हैं। सामान्य पेट्रोल की दरें भी श्रीगंगानगर व बीकानेर में सैकड़ा का आंकड़ा पार कर गई हैं। चुनाव परिणाम के दूसरे दिन जयपुर में 4 मई को पेट्रोल की कीमत 17 पैसे, 6 मई को 24 पैसे और 7 मई को 29 पैसे बढ़ गई। डीजल पर 4 मई को 21 पैसे, 6 मई को 31 पैसे, 7 मई को 33 पैसे प्रति लीटर बढ़े।
  • राजस्थान में सबसे ज्यादा वैट
    देशभर में पेट्रोेल पर सबसे ज्यादा वैट राजस्थान में ही है। राजस्थान में पेट्रोल पर 36 और डीजल पर 26 प्रतिशत वैट लगाया जाता है। राज्य सरकार ने लॉकडाउन के दौरान ही पेट्रोल पर 10 और डीजल पर 8 प्रतिशत वैट लगा दिया था। दबाव बढ़ने पर सरकार ने 2-2 प्रतिशत पेट्रोल व डीजल से वैट कम कर दिया। वैट कम होने से जितने रेट कम हुए, उससे ज्यादा अब बढ़ चुके हैं।

    3 रुपए तक और बढ़ सकते हैं दाम

    पिछले दो महीने से देश के कई राज्यों में विधानसभा के चुनाव चल रहे थे। इसलिए, पिछले महीने कच्चा तेल महंगा होने के बाद भी पेट्रोल-डीजल के दाम में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। हालांकि, इस बीच कच्चा तेल सस्ता होने के बाद चार किस्तों में पेट्रोल-डीजल के दाम घटे हैं। अब चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने लगे हैं। इस साल फरवरी में कच्चे तेल का दाम 61 डॉलर प्रति बैरल था, जो मार्च में 64.73 डॉलर पर आ गया। अभी ये करीब 68 डॉलर पर बिक रहा है। ऐसे में आने वाले दिनों में पेट्रोल व डीजल के दाम और बढ़ सकते हैं। माना जा रहा है कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 3 रुपए का इजाफा हो सकता है।