खेत में मिला पाकिस्तानी गुब्बारा, ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना


 

गंगानगर जिले के सूरतगढ़ उपखंड के गांव 11 एनआरडी में शुक्रवार सुबह खिलौनेनुमा गुब्बारा मिला। इससे हडक़ंप मच गया। इस इलाके में कुछ लोगों ने गुब्बारा देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दे दी। इस पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गुब्बारे का जायजा लिया।

सूरतगढ़ सदर थाने के कांस्टेबल सुरेश कुमार ने बताया कि सुबह राकेश कुमार खेत में स्प्रे करने के लिए गया था। इसी दौरान उसे गुब्बारा पड़ा दिखाई दिया। उन्होंने बताया कि यह खेत गुड्डी देवी पत्नी भादरराम के नाम है।

खिलौनेनुमा गुब्बारा हरे और सफेद रंग का है तथा इस पर पीआईए लिखा है। इसके यहां इस तरफ आने को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। इस संबंध में थाने की ओर से खुफिया एजेंसियों को सूचना दी जाएगी।

पहले भी मिल चुका है गुब्बारा

जिले से पाकिस्तान की सीमा कुछ ही किलोमीटर पर है। ऐसे में इस इलाके में पाकिस्तानी गुब्बारे आते रहे हैं। कुछ दिन पूर्व ही जिले में एक खेत में पाकिस्तानी गुब्बारा मिला था।