कुर्सी बचाने के लिए संघर्ष कर रही है प्रदेश की सरकार
प्रदेश की कांग्रेस सरकार की नाकामी व हर मोर्चे पर विफल होने पर आक्रोशित विपक्ष भाजपा का शुक्रवार को गुस्सा फूट पड़ा। भाजपा शहर व देहात के संयुक्त तत्वावधान में जिला कलक्ट्रेट पहुंचे बड़ी संख्या में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने हल्ला बोला। कलक्ट्रेट पर पुतला फूंकने के साथ ही मुख्यमंत्री व ऊर्जा मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर पूरी तरह विफल होने का आरोप लगाया। भाजपा के हल्ला बोल कार्यक्रम को लेकर सुबह से ही बीकानेर के रतन बिहारी पार्क में कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगाना शुरू हो गया था। जहां से पैदल मार्च करते हुए कार्यकर्ता जिला कलक्ट्रेट पहुंचे। जहां प्रदेश कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इससे पूर्व कलक्ट्रेट पहुंचने पर पुलिस व भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हल्की हक्का-मुक्की भी देखने को मिली। जिला कलक्टर को राज्यपाल के नाम सौंपे गए ज्ञापन में सरकार पर आमजन की विरोधी सरकार बताया। शहर भाजपा अध्यक्ष अखिलेश प्रताप सिंह ने बताया कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार पूरी तरह से आमजन विरोधी हो गई है। भाजपा की ओर से आमजन के हित में शुरू की गई योजनाओं को बंद कर उनके साथ खिलवाड़ किया है। भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार सिर्फ ‘कुर्सी’ बचाने के लिए संघर्ष कर रही है। प्रदर्शन के दौरान देहात भाजपा अध्यक्ष ताराचन्द सारस्वत, खाजूवाला के पूर्व विधायक डॉ विश्वनाथ मेघवाल, मोहन सुराणा, पूर्व अध्यक्ष डॉ सत्यप्रकाश आचार्य, अशोक प्रजापत सहित सभी मंडलों के पदाधिकारी व बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।