राजस्थान में अपने आखिरी पड़ाव मेंपहुंचा मानसून अभी भी पूरी तरह से सक्रिय हो रहा है. इसके चलते आने वाले सप्ताह से प्रदेश में मानसून की गतिविधियां (Monsoon activities) कम होने लगेगी, लेकिन उससे पहले झमाझम बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश (Heavy rain) होने की संभावना जताई है. बारिश की इस संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए येलो अलर्ट (Yellow alert) जारी किया है. इससे पहले गुरुवार को राज्य के कई इलाकों में जोरदार बारिश दर्ज की गई है.
मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के 12 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है. मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार को अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, जयपुर, राजसमंद, सीकर, सवाईमाधोपुर, बीकानेर, चूरू, जोधपुर और नागौर जिले में कहीं-कहीं पर भारी बारिश हो सकती है. वहीं, जयपुर संभाग के अलवर, दौसा व झुंझुनू और बीकानेर संभाग के हनुमानगढ़ तथा श्रीगंगानगर जिले में कहीं कहीं पर मेघगर्जन के साथ बारिश होने के आसार हैं.
प्रदेश में गुरुवार को कई हिस्सों मेंअच्छी बारिश दर्ज की गई है. इनमें सबसे ज्यादा 85 मिलीमीटर बारिश कोटा में दर्ज की गई है. वहीं, उदयपुर में 45 एमएम और भीलवाड़ा में 35 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है. इसी तरह अजमेर और जयपुर में 22-22 एमएम, जोधपुर और चूरू में 14-14 एमएम बारिश हई. चित्तौड़गढ़ में 15 एमएम बारिश दर्ज की गई है. करौली जिले में भी सुबह और शाम को दो दौर में अच्छी बारिश हुई. लगातार बारिश के कारण प्रदेश में कई नदी नाले उफान पर हैं.