
केंद्रीय विद्यालय के टीचर ने पत्नी व बेटे की चाकू से गला काटकर हत्या, फिर फंदा लगाकर खुदकुशी की, महिला भी केवी में टीचर थी
जयपुर के प्रताप नगर इलाके में गुरुवार रात को एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी व 13 महीने के बेटे की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद भी एक कमरे में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। रात करीब साढ़े नौ बजे मकान मालिक ने कमरे में खून से सनी मां बेटे की लाश और कमरे में फंदे पर लटके पति को देखा तब पुलिस को सूचना दी।
हत्या व खुदकुशी की वारदात जगतपुरा स्थित लाजपत नगर में स्थित एक मकान में हुई। जहां मृतक गिर्राज प्रसाद मीणा (33) ने कमरा किराए पर ले रखा था। वह अपनी पत्नी समिता (30) के साथ रहते थे। दंपती के 13 माह का बेटा कुणाल भी था। मृतक गिर्राज केंद्रीय विद्यालय में टीचर था। उसकी पोस्टिंग बूंदी में थी। वहीं, गिर्राज की पत्नी समिता जयपुर में झालाना स्थित केंद्रीय विद्यालय नंबर 3 में टीचर थी। गिर्राज छुटि्टयों में जयपुर आ जाता था। समिता के साथ घर में छोटी बहन श्वेता रहती थी।
प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया कि पिछले दिनों गिर्राज के ससुराल में रिश्तेदारी में शादी थी। उसके ससुर अपनी बेटी को लेने आए थे। लेकिन गिर्राज ने इनकार कर दिया। इसके बाद से दंपती के बीच मनमुटाव चल रहा था। ऐसे में पुलिस का मानना है कि गुरुवार को जयपुर में मौजूद गिर्राज का अपनी पत्नी से झगड़ा हुआ। संभवतया तब गुस्से में आकर उसने पहले पत्नी और बेटे की हत्या कर दी। इसके बाद पंखे के कड़े से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली।
मकान मालिक की सूचना पर पहुंची पुलिस, देर रात तक चली कार्रवाई
इसके बाद मकान मालिक से सूचना मिलने पर डीसीपी अभिजीत सिंह, एसीपी सांगानेर नेमीचंद खारिया और प्रताप नगर थानाप्रभारी श्री मोहन मीणा मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम को बुलाया गया। देर रात तक मौका मुआयना होने के बाद पुलिस ने तीनों शवों को मोर्चरी में रखवाया। कोविड रिपोर्ट आने के बाद शवों का शुक्रवार को अंतिम संस्कार करवाया जाएगा। पुलिस आसपास के लोगों और मृतकों के परिवारजनों से भी पूछताछ कर जानकारी जुटाएगी। रात 12 बजे तक कार्रवाई जारी थी।


