नया शहर थाना इलाके में जस्सूसरगेट के बाहर रजनी होस्पीटल के ठीक सामने बीते मंगलवार की दिनदहाड़े हुई फायरिंग की वारदात में गोली लगने से जख्मी हुए बेगुनाह बालक पंकज आचार्य की शनिवार सुबह उपचारधीन हालत में मौत हो गई। सिर में गोली लगने के बाद पीबीएम होस्पीटल के ट्रेामा सेंटर की आईसीयू में पिछले पांच दिन से जिंदगी और मौत से जुझ रहे १४ वर्षीय पंकज के खत्म हो जाने के बाद परिजनों और आचार्य समाज के लोगों को आक्रोश भड़क गया। वारदात को अंजाम देने वाले अपराधियों को गिरफ्तार करने की मांंग को लेकर उन्होने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार मोर्चरी के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया और भारी बारिश के बावजूद मोर्चरी के बाहर धरना लगाकर बैठ गये।
इसकी सूचना मिलने के बाद सीओ सिटीसुभाष शर्मा,नया शहर सीआई भवानी सिंह समेत पुलिस के कई अधिकारी मौके पर पहुंच गये। आक्रोशित लोगों ने बेगुनाह बालक की मौत के लिये पुलिस अधिकारियेां को जमकर खरी खोटी सुनाई। गुस्साएं लोगों का कहना था कि अपराधी सरेआम फायरिंग कर गये,उनकी गोली लगने से बेगुनाह बालक की मौत हो गई और इस वारदात के पांच दिन बाद भी पुलिस अपराधियों को सलाखों के पीछे नहीं पहुंचा पायी है। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे जुगल किशोर आचार्य,प्रेमप्रकाश आचार्य,राजू आचार्य ने आक्रोश जताते हुए कहा कि अपराधियों ने निर्दोष बालक को मारा है,उसके परिजनों को इंसाफ मिलना चाहिए है,लेकिन इंसाफ मिलना तो दूर पुलिस अभी तक गुनाहगारों को ही नहीं पकड़ पायी है। उन्होने कहा कि बदमाशों ने शहर में आतंक मचा रखा है जिसको काबू करने में पुलिस प्रशासन नाकाम साबित हो रहा है। पुलिस की इसी नाकामी के चलते बदमाशों के हौंसले दिनों दिन बुलंद होते जा रहे है जिसका नतीजा आज सबके सामने है। बदमाशों में पुलिस का बिल्कुल भी भय नहीं है जिसके चलते दिनदहाड़े फायरिंग कर रहे है। इस फायरिंग में आज इस बेगुनाह बच्चे ने जान गवाई है कल किसी और बच्चे की जान जाएगी। यह बर्दाश्त नहीं होगा।
करीब घंटेभर चले प्रदर्शन के बाद पुलिस अधिकारियों ने मृतक के परिजनों और प्रदर्शन कर रहे लोगों को भरोसा दिलाया कि अपराधी ज्यादा दिन बच नहीं पायेगा जल्द ही उसकी गिरफ्तारी होगी। जानकारी में रहे कि बीते मंगलवार को दिन दहाड़े हुई फायरिंग की वारदात के दौरान अपने साथी के साथ बाईक पर सवार होकर आये भाटों का बास निवासी बालकिशन उर्फ बालिया भाट ने रजनी होस्पीटल के सामने सरेआम पुखराज कुम्हार पर फायरिंग की थी,इस दरम्यान पुखराज कुम्हार तो भागकर दुकान में घुस गया और दुकान के बाहर खड़ा १४ वर्षीय बालक पंकज आचार्य पुत्र किशन लाल आचार्य गोली लगने से मौके पर ही ढेर हो गया। गोली उसके सिर को भेदती हुई निकल गई। आस पास के लोगों ने पंकज को लहुलुहान हालात में पीबीएम होस्पीटल पहुंचाया जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई थी और शनिवार तड़के उसने दम तोड़ दिया।