
हास्य योग कार्यशाला, योगमय हुआ शहर, छत से पार्क तक किया वर्चुअल योग
जाने-माने चिकित्सक तथा संपूर्णानंद मेडिकल कॉलेज जोधपुर के पूर्व प्राचार्य डॉक्टर अरविंद माथुर (जोधपुर) तथा अटलांटा, अमेरिका के अध्यात्मिक गुरु स्वामी ध्यान पारितोष ने एक संयुक्त हास्य योग कार्यशाला का आयोजन किया । इस आयोजन में भारत तथा अमेरिका के लगभग 200 प्रतिभागियों ने भाग लिया। सर्वप्रथम इस कार्यशाला के आरंभ में डॉक्टर अरविंद माथुर ने समस्त प्रतिभागियों को हास्य से होने वाले फायदों के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि हंसने से हमारे फेफड़े , ह्रदय, मधुमेह नियंत्रण तथा अवसाद आदि रोगों में फायदा होता है।
डॉ अरविंद ने बताया कि जो व्यक्ति हंसमुख स्वभाव का होता है उस पर बीमारियां हावी नहीं होती है तथा बीमार होने की अवस्था में भी हंसमुख व्यक्ति पर दवाइयों का असर जल्द होता है, इस प्रकार हंसमुख व्यक्ति के तेज गति से स्वस्थ होने की संभावनाएं अधिक होती है।
इसी श्रंखला में अध्यात्मिक तथा योग गुरु स्वामी ध्यान पारितोष ने समस्त प्रतिभागियों को 1 घंटे तक विभिन्न प्रकार से हास्य योग के आसन बताएं। जैसे कि तर्क करने की अवस्था में हंसना, स्वसन क्रिया के साथ में हंसना, विराम ले ले कर हंसना तथा यहां तक की लस्सी बनाने एवं चेहरे पर क्रीम लगाने की प्रक्रिया में भी हम हंस सकते हैं। उन्होंने बताया कि हम ध्यान लगाने के लिए अच्छे संगीत का भी प्रयोग कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि कोरोना काल में हमें सबसे ज्यादा रोग प्रतिरोधक क्षमता की आवश्यकता है और हम हास्य योग की सहायता से अपनी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ा सकते हैं तथा जिन परिवारों को कोरोना के समय क्षति हुई है उन्हें भी इस विपत्ति से उबारने में हम सहायक बन सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में डॉक्टर अरविंद माथुर और स्वामी ध्यान पारितोष ने प्रतिभागियों के सवालों का समाधान दिया।
फर्स्ट इन मैथ्स ( मुंबई) के श्री निर्दोष ने डॉक्टर अरविंद माथुर तथा स्वामी ध्यान पारितोष को धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती भव्या ने किया।


