बीकानेर। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर खतरनाक होती जा रही है। संक्रमण की इस चेन को तोडऩे के लिए सरकार व प्रशासन ने ऐडी से चोटी का जोर लगा रखा है फिर भी संक्रमण कम होने की बजाय बढ़ रहा है। चिकित्सकों के अनुसार संक्रमण की पहली लहर केवल बुजुर्ग या गंभीर बीमारियों से ग्रस्ति लोगों के लिए खतरनाक थी, लेकिन दूसरी लहर में नौजवान व बच्चे भी चपेट में आ रहे है जो कि चिंता का विषय है। जिले में शनिवार को 400 पॉजिटिव केस सामने आए थे जो कि इस साल में एक दिन का सबसे अधिक आंकड़ा है और इस आंकड़े ने चिकित्सा विभाग सहित आमजन की धड़कनों को तेज कर दिया। कोविड नोडल अधिकारी डॉ. सुरेन्द्र वर्मा ने बताया कि कोरोना संक्रमण भयावह होता जा रहा है। फिलहाल कोविड अस्पताल में 146 मरीज भर्ती है जिसमें 39 पेशेंट आईसीयू में है। उन्होंने बताया कि यह भी चिंता वाली बात है कि रविवार सुबह कोविड अस्पताल में भर्ती 43 वर्षीय व्यक्ति की मौत हुई है जिसको अन्य कोई गंभीर बीमारी भी नहीं थी। वर्मा के अनुसार लोग इस भयावह स्थिति को समझे और कोरोना गाइडलाइन का पूर्णतया पालन करें ताकि हम इस संक्रमण की चेन को तोडऩे में कामयाब हो सके। साथ ही उन्होंने यह भी अपील की कि लोग बिना कोई काम के घर से बाहर न निकलें, जरूरी हो तो पूरे प्रोटोकॉल के साथ निकले। रेलवे स्टेशन पर बढ़ाई सख्ती
जिले में बढ़ते संक्रमण को देखते हुए अब रेलवे स्टेशन पर सख्ती बढ़ा दी है। जहां आने-जाने वाले प्रत्येक यात्री की जांच हो रही है। क्योंकि शादी का सीजन होने के कारण बड़ी संख्या में लोग आवाजाही कर रहे है, ऐसे में जरूरी हो जाता है कि आने-जाने वाले यात्रियों की कोविड जांच हो।