इलाज करवा कर मां को लेकर गए , घर पहुंचते ही आग का गोला बनी एंबुलेंस


 

जोधपुर जिले के पीपाड़ क्षेत्र में बुधवार रात एक निजी एंबुलेंस में अचानक आग जाने से इसमें सवार महिला व दो जवान बेटे भी झुलस गए। उन्हें इलाज के लिए जोधपुर रैफर किया है। जोधपुर से मरीजों को लेकर आई निजी एंबुलेंस के रुकते ही उसमें अचानक आग लग गई और देखते ही देखते यह आग का गोला बन गई। बताया जा रहा है कि एंबुलेंस को गैस से चलाया जा रहा था। उसमें लीक होने के कारण एंबुलेंस में आग लग गई।

पीपाड़ में बुधवार रात अम्बेडकर कॉलोनी में जोधपुर से मरीजों को लेकर आई निजी एम्बुलेंस के रुकते ही उसमें अचानक आग लग गई और देखते ही देखते आग फैल गई। एंबुलेंस में गैस का रिसाव होने के कारण आग बहुत तेजी के साथ फैली। आग ने पूरी एंबुलेंस को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगते ही ड्राइवर बाहर कूद गया। जबकि पीछे के हिस्से में बंद महिला अमीना(55 वर्ष) व उसके दो बेटों 24 वर्षीय अकरम व 22 वर्षीय असलम को बाहर निकलने का समय ही नहीं मिल पाया। आग का गोला बनी एंबुलेंस के बीच में कुछ लोगों ने आगे पिछला दरवाजा खोल तीनों को बाहर निकलने में मदद की। बताया जा रहा है कि अमीना का जोधपुर में इलाज चल रहा था। कल ही उसे अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया था। उसके दोनों बेटे एंबुलेंस से उसे वापस घर लेकर पहुंचे ही थे कि यह हादसा हो गया। उन्हें तत्काल अस्पताल लाया गया वहां से जोधपुर रैफर किया गया।

घटना से कॉलोनी में हड़कंप मच गया। लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन आग ज्यादा भड़कने लगी। इस पर पालिका की दमकल को सूचना देने पर अग्निशमन कर्मचारी भी पहुंच गए और आग पर काबू पाया। पुलिस भी पहुंच गई और भीड़ को दूर हटाया। अधिशासी अधिकारी सुरेशचंद्र शर्मा ने बताया कि एक घंटे के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आबादी क्षेत्र होने के बावजूद कोई बड़ा हादसा नहीं होने से आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली। इस जलती एंबुलेंस के पास खड़ी एक अन्य कार को भी नुकसान होने की जानकारी मिली हैं। प्रारंभिक रूप से एंबुलेंस के गैस से चलाने से हादसे की आशंका व्यक्त की जा रही हैं। उपजिला मजिस्ट्रेट शैतानसिंह राजपुरोहित ने निजी एंबुलेंस में लगी आग के कारणों की जांच के निर्देश दिए है।