बदनामी के डर से तारबंदी फांदकर पाकिस्तान में घुसा, अब पता चला 77 दिन से पाक जेल में है बंद


  • बाड़मेर के बिजराड़ थाने से करीब 77 दिन पहले घर से गायब हुए 20 वर्षीय युवक के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस यहां के गांवों में उसकी तलाश कर रही थी, लेकिन युवक तारबंदी फांद कर पाकिस्तान चला गया। इसके बाद अब बीएसएफ काे पाक रेंजर्स से सूचना मिली है कि वह युवक पाकिस्तान की जेल में बंद है।

  • इसके बाद सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट हो गई। सवाल ये है कि युवक पाक चला गया और वहां सुरक्षा में तैनात बीएसएफ को भनक तक नहीं लगी। अब खुलासा हुआ कि युवक उसकी प्रेमिका के घर में घुसा था, जहां उसे देख लिया। इसके बाद बदनामी के डर से घर के नजदीक ही बॉर्डर तारबंदी को फांद कर पाक भाग गया।

  • अब वहां जेल में बंद है। बिजराड़ थानाधिकारी जेठाराम ने बताया कि जामाराम मेघवाल निवासी कुम्हारों का टीबा ने 16 नवंबर को बिजराड़ थाने एमपीआर दर्ज करवाई कि उसका लड़का गेमराराम जोधपुर में मजदूरी करता था। 5 नवंबर को उसके पडौसी के घर आया था। जहां रुकने के बाद वह गायब है। इसकी कुछ दिनों से तलाश की जा रही थी, लेकिन सुराग नहीं लगा। इसके बाद पुलिस ने मामले में छानबीन शुरू की। पडौसी के घर तक युवक के आने के पुख्ता सुराग मिले, लेकिन इसके बाद कहां गायब हुआ कोई सुराग नहीं था।

6 नवंबर को ही पाक रेंजर्स ने पकड़ ​​​​​​ लिया था

  • दरअसल गेमराराम मेघवाल का एक युवती से संपर्क था। लॉकडाउन से पहले पढ़ाई करता था, लेकिन लॉकडाउन के बाद उसे जोधपुर काम पर भेज दिया। जोधपुर से मजदूरी के बाद 5 नवंबर को वह बिजराड़ आया, लेकिन वह खुद के घर पर नहीं गया, उसके पड़ोसी के घर गया। अफेयर के चक्कर में घर में घुसने पर लड़की के परिजनों ने उसे देख लिया था। इसके बाद वहां से भाग गया। गेमराराम को डर था कि अब ये बात उसके परिजनों तक पहुंच जाएगी। बदनामी व मारपीट के डर से वह 5 नवंबर की रात में ही तारबंदी फांद कर पाक चला गया। जहां उसे 6 नवंबर को ही पाक रेंजर्स ने पकड़ लिया। इसके बाद वह वहां जेल में है।

10 दिन बाद पता चल गया, लेकिन पाक ने सुपुर्द नहीं किया

  • दरअसल 5 नवंबर को गेमराराम तारबंदी फांद कर पाक भाग गया। इसके 7 दिन बाद 12 नवंबर को भारत-पाक बॉर्डर तारबंदी से पाकिस्तान की 84 बकरियां और 8 भेड़ें भारत में आई थी। इसके बाद भारत-पाक रेंजर्स के बीच वार्ता हुई। इस वार्ता में पाक रेंजर्स ने बताया था कि भारत से गेमराराम नाम का युवक पाक में आया है, फिलहाल पाक की सुरक्षा एजेंसियों के पास है।

  • इस वार्ता के बाद पाक की डिमांड पर 19 नवंबर को 92 भेड़-बकरियों को पाक रेंजर्स को सुपुर्द कर दिया। इस दौरान पाक ने युवक को वापस सुपुर्द नहीं किया था। अब पाक रेंजर्स का कहना है कि युवक को सुपुर्द करने का फैसला पाक आलाकमान की ओर से ही किया जाएगा, फिलहाल वह जेल में बंद है। दरअसल इनकी ढाणियां बॉर्डर तारबंदी के आसपास ही है।