
डॉक्टर बोला- किसी नेता से जान पहचान है तो फोन करवा दो, आपका काम हो जाएगा; मरीज ने दम तोड़ा
कोटा जिले के कोरोना संक्रमित के आंकड़ों में कमी होने के बाद भी ICU व वेंटिलेटर फुल चल रहे हैं। ताजा मामला MBS अस्पताल में सामने आया है। यहां आइसोलेशन वार्ड में 1 महीने से भर्ती महिला की मौत हो गईं। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में ICU व वेंटिलेटर खाली होने के बाद भी मरीज को नसीब नही हुआ। परिजन वेंटिलेटर के लिए 1 घंटे डॉक्टर के सामने गिड़गिड़ाते रहे, इस बीच मरीज की सांस टूट गई।
मृतका के साथ अस्पताल में मौजूद चंदन ने बताया कि उसकी नानी बीना देवी (60) की 19 अप्रैल को तबियत खराब हुई थी। जांच में पॉजिटिव होने पर MBS के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया था। उन्हें ऑक्सीजन पर रखा था। बुधवार को तड़के नानी की तबियत बिगड़ी। वार्ड में मौजूद डॉक्टर ने वेंटिलेटर पर शिफ्ट करने को कहा, लेकिन अस्पताल में ICU व वेंटिलेटर खाली नहीं होने की बात कही। डॉक्टर ने साफ मना कर दिया कि हमारे पास वेंटिलेटर उपलब्ध नहीं है। आप इनको ले जा सकते हैं। आपकी किसी नेता से जान पहचान है तो आप उनका फोन करवा दो, आपका काम हो जाएगा।
खाली वेंटिलेटर की फोटो खींच डॉक्टर को दिखाई
चंदन ने बताया जब उन्होंने आईसीयू में जाकर देखा तो वहां एक वेंटिलेटर खाली था। बाकायदा उसका फोटो खींचकर डॉक्टर को दिखाया। मरीज को खाली पड़े वेंटिलेटर पर शिफ्ट करने के लिए 1 घंटे तक डॉक्टर से गिड़गिड़ाते रहे, लेकिन सुनवाई नही हुई। आखिरकार बुधवार को मरीज ने दम तोड़ दिया। परिजनों ने मरीज पर ध्यान नही देने का आरोप लगाए।


