
जिला कलक्टर ने खाजूवाला क्षेत्र के सरपंचों के साथ की चर्चा
बीकानेर, 18 अगस्त। जिला कलक्टर नमित मेहता ने बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में खाजूवाला क्षेत्र के सरपंचों के साथ बैठक करते हुए मनरेगा के क्रियान्वयन से जुड़ी समस्याओं एवं मांगों के संबंध में चर्चा की। उन्होंने कहा कि मनरेगा का लाभ अधिक से अधिक ग्रामीणों को मिले, इसके मद्देनजर सरपंचों द्वारा रखी गई मांगों पर नियम सम्मत कार्यवाही की जाएगी। आवश्यकता के अनुसार इन मांगों से जुड़े प्रस्ताव राज्य सरकार को भिजवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्र खाजूवाला की विभिन्न ग्राम पंचायतों में मनरेगा के तहत श्रमिकों की संख्या और अधिक बढ़े, इसके लिए स्थानीय जनप्रतिनिधि भी ग्रामीणों को प्रेरित करें। इस दौरान उन्होंने सरपंचों द्वारा रखी गई विभिन्न मांगों को सुना। साथ ही कहा कि जिला प्रशासन और सरपंचों के मध्य ऐसी समन्वय बैठकें नियमित रूप से की जाएगी, जिससे मनरेगा सहित ग्रामीण विकास की विभिन्न योजनाओं का और अधिक प्रभावी क्रियान्वयन हो सके। इस दौरान जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओमप्रकाश, अधिशाषी अभियंता धीर सिंह गोदारा आदि मौजूद रहे।
—–


