18 घंटे से कर्फ्यू:1000 से ज्यादा जवान पूरे कस्बे में तैनात किए गए, लोगों के घरों में दूध-पानी भी नहीं पहुंचा


  • बारां छबड़ा कस्बे में शनिवार शाम मामूली कहासुनी को लेकर हुई चाकूबाजी की घटना ने रविवार को बड़े उपद्रव का रूप ले लिया। मजबूरन कस्बे में रविवार शाम 4 बजे कर्फ्यू लगा दिया गया। इंटरनेट बंद है। जो सोमवार सुबह भी लागू रहा। कर्फ्यू के कारण कस्बे में करीब 1000 जवान तैनात किए गए हैं। सड़क पर निकलने वाले हर व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है। लोगों को डर है कि हालत फिर से खराब न हो जाए।

     

  • वहीं, कर्फ्यू के कारण सोमवार सुबह लोगों को दूध तक नहीं मिला। वहीं, घरों में पानी भी नहीं पहुंचा। शहर में जगह-जगह बिजली की समस्या भी आ रही है। जिसका कोई समाधान नहीं किया जा रहा है। वहीं, एक दिन पहले हुए उपद्रव से सहमे लोग भी घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं। मामले में पुलिस ने रविवार को सिर्फ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। अब सोमवार को कुछ और लोगों को गिरफ्तार किया जा सकता है।
  • जिला मजिस्ट्रेट व कलेक्टर राजेंद्र विजय ने बताया कि एसपी एवं छबड़ा डीएसपी ने अवगत कराया है कि नगर पालिका क्षेत्र छबड़ा में शांति व्यवस्था की गंभीर स्थिति है। जिससे आमजन के जान-माल एवं लोक शांति को खतरा है। इन परिस्थितियों के मद्देनजर लोक शांति को बनाए रखने के लिए धारा 144 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए नगर पालिका क्षेत्र छबड़ा में कर्फ्यू/निषेधाज्ञा जारी की गई है। इस दौरान क्षेत्र में आमजन की आवाजाही बंद रहेगी। एसडीएम छबड़ा की पूर्व अनुमति के बिना इस क्षेत्र में किसी भी तरह कर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। नगर पालिका क्षेत्र छबड़ा में आमजन के लिए आवश्यक सेवाओं जैसे राशन, फल, सब्जी, दवाइयां आदि की आपूर्ति के लिए पृथक से आदेश जारी किया जाएगा।
  • ये है मामला
    बारां के छबड़ा कस्बे में शनिवार देर शाम हुई चाकूबाजी को लेकर रविवार को दो पक्ष भिड़ गए। रविवार को विवाद बढ़ गया। बेकाबू भीड़ ने कस्बे में 12 दुकानें, 2 बसें, 2 बाइक और एक बल्गर (राख ढोने वाला ट्रोला) फूंक दिया। साथ ही लूटपाट भी की गई। यहां तक कि मेडिकल स्टोर तक को नहीं छोड़ा। पथराव में कई लोगों के साथ पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं। उपद्रवियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करने के साथ आंसू गैस के गोले भी छोड़ने पड़े। साथ ही 11-12 हवाई फायर भी किए। हर तरफ आसमान में धुएं के गुबार नजर आ रहे थे।
  • पुलिस बेबस नजर आई
    पूरे घटनाक्रम में पुलिस बेबस दिखाई दी। हालात बिगड़ते देख शाम 4 बजे कलेक्टर ने छबड़ा नगरपालिका क्षेत्र में कर्फ्यू लगा दिया। साथ ही संभागीय आयुक्त ने आदेश जारी कर इंटरनेट बंद करा दिया है। पुलिस के अनुसार धरनावदा चौराहे पर शनिवार शाम नज्जीपुरा निवासी कमल गुर्जर अंगूर खरीद रहा था। तभी कुछ लोगों ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। यहीं से विवाद शुरू हुआ।